- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ढाका-दुबई विमान की नागपुर एयरपोर्ट...
Nagpur News: ढाका-दुबई विमान की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

- अचानक आई तकनीकी खराबी
- दूसरे विमान से यात्रियों को दुबई रवाना किया
Nagpur News ढाका से दुबई जाने वाले विमान की डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि "बिमान बांग्लादेश एयरलाइन्स' की फ्लाइट (क्रमांक बीजी 347) में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद बुधवार रात 11 बजे के करीब इसे नागपुर में उतारा गया। यात्रियों को यहां लगभग 19 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। गुरुवार शाम 5.30 बजे दूसरे विमान से यात्रियों को दुबई रवाना किया गया।
काॅकपिट में आवाज आने पर फैसला : पिछले कुछ वर्षों में नागपुर एयरपोर्ट पर विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग काफी बढ़ गई है। मेडिकल इमरजेंसी तथा विमान में तकनीकी खराबी के चलते यहां विमानाें की इमरजेंसी लैंडिंग होती रहती है। बोइंग कंपनी के इस विमान ने बुधवार रात 8 बजकर 40 मिनट पर ढाका हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी इसे 20 फरवरी को रात 12.30 बजे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करना था, लेकिन विमान के काॅकपिट में आवाज आने के कारण पाइलट ने रात 10.30 बजे के करीब डॉ. बाबासाहब आंबेडकर एयरपोर्ट पर एटीसी से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी।
तकनीकी खराबी, पायलट ने मांगी नागपुर एटीसी से मदद : एयरपोर्ट पर दी गई सुविधा : इस विमान में 396 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। सभी काे नागपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। लगभग 18 घंटे बाद दोपहर 4 बजे बांग्लादेश से दूसरा विमान यात्रियों को दुबई ले जाने के लिए आया। शाम 6 बजे के करीब विमान ने उड़ान भरी। लगभग 19 घंटे के इंतजार के बाद यात्रियों का दुबई जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
19 घंटे तक कुर्सियों पर किया आराम : रात 11 बजे लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पर स्थित वेटिंग रूम में बिठा दिया गया। पूरी रात यात्रियों को वेटिंग रूम की कुर्सियों पर बैठकर बितानी पड़ी। शरीर में जकड़न आने के बाद यात्री वेटिंग रूम में टहलते दिखाई दिए। हालांकि यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी, लेकिन 19 घंटे तक एक ही जगह पर बैठे-बैठे यात्रियों के सब्र का बांध टूटने लगा था।
तकनीकी खराबी बताकर झाड़ लिया पलड़ा : एयरपोर्ट प्रशासन इमरजेंसी लैंडिंग का कारण विमान में आई तकनीकी खराबी बता रहे हैं, लेकिन असल में खराबी क्या है यह बताने में गोपनीयता बरती गई। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एनएमसी के अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया था। विमान में आग नहीं लगी थी, लेकिन लैंडिंग के दौरान किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचने के लिए एयरपोर्ट पर फायर टेंडर तैनात किए गए थे।
Created On :   21 Feb 2025 4:17 PM IST