Nagpur News: बजट अधिवेशन से पहले जिला स्तर पर आक्रामक होगी कांग्रेस, स्थानीय विषयों पर चर्चा

  • सदभावना यात्रा के माध्यम से जनसंपर्क बढ़ाने की तैयारी
  • जिला स्तर पर आक्रामक होगी कांग्रेस

Nagpur News. विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला स्तर पर विविध कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जाएगा। 4 मार्च से विधानमंडल का बजट अधिवेशन शुरु होगा। इससे पहले कांग्रेस जिला स्तर पर आक्रामक भूमिका में नजर आएगी। नागपुर जिले में भी इस संबंध में तैयारी की जा रही है। 28 फरवरी को जिला कांग्रेस की बैठक में आक्रामक भूमिका की रणनीति तैयार की जाएगी। पदग्रहण के बाद कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने 24 व 25 फरवरी को मुंबई में जिला व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद बैठक की। उसमें शहर व ग्रामीण कांग्रेस को अलग अलग कार्यक्रम दिए गए है। इसके अनुसार 3 मार्च को संविधान चौक पर ग्रामीण कांग्रेस का सरकार विरोधी प्रदर्शन होगा। किसानों का मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में लाया जाएगा। जिले में सोयाबीन, संतरा व कपास उत्पादक किसानों को फसल नुकसान के मामले में सरकार की ओर से समुचित राहत नहीं मिल पायी है। कांग्रेस का दावा है कि किसानों के लिए राहत की घोषणाओं पर सरकार ने अमल नहीं किया है। लिहाजा, जिले के किसानों की सहभागिता से आंदोलन होगा। शहर के विषय को लेकर 4 मार्च को विरोध प्रदर्शन होगा। शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे के नेतृत्व में ब्लाक स्तर पर पदाधिकारी जनसमस्याओं को लेकर आक्रामक होंगे। नागपुर सुधार प्रन्यास, कचरा संकलन, पेयजल व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, लंबित विकास कार्य, दलित बस्ती विकास, उद्यानों के दुरुपयोग सहित अन्य विषयों पर प्रमुखता से प्रशासन का ध्यान दिलाया जाएगा। इन प्रदर्शनों में प्रदेश पदाधिकारियों सहित ब्लाक स्तर के पदाधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा। 8 मार्च को बीड में सदभावना यात्रा निकाली जाएगी। उसमें सहयोग के लिए जिले के कार्यकर्ताओं से आवाहन किया जाएगा।

जनसहयोग से आंदोलन

बाबा आष्टनकर, कार्यकारी अध्यक्ष कांग्रेस जिला ग्रामीण के मुताबिक भाजपा ने भ्रामक राजनीति की है। किसानों, युवाओं व महिलाओं को लाभ की योजनाओं के नाम पर भ्रमित किया है। जनसहयोग से आंदोलन करके भाजपा व सरकार की पोल खोली जाएगी। जिले में विविध जनसमस्याओं को लेकर डेटा तैयार किया जाएगा। कांग्रेस का आंदोलन केवल चुनावी नहीं होगा।


Created On :   26 Feb 2025 8:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story