- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चुनाव पर चील की तरह नजर रखेगी...
Nagpur News: चुनाव पर चील की तरह नजर रखेगी कांग्रेस की ईगल, राऊत को मिली बड़ी जिम्मेदारी
- नेतृत्व को लेकर हलचल के बीच राऊत को मिला बड़ा दायित्व
- निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर देश भर में अभियान
Nagpur News. विपक्ष लंबे समय से निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर देश भर में अभियान चला रहा है। विशेषकर महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद ईवीएम व चुनाव आयोग पर सवाल दागे जा रहे हैं। इस बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने चुनाव संचालन और निगरानी के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति का नाम ईगल है। लिहाजा रोचक अंदाज में कहा जा रहा है कि चुनाव पर चील की नजर कांग्रेस की ईगल रखेगी। खास बात है कि राज्य में कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर हलचल जारी है। विधानसभा में पार्टी नेता, प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष से लेकर विविध पदों को लेकर कांग्रेस में कुछ नेताओं में स्पर्धा चल रही है। ऐसे में पूर्व मंत्री डॉ.नितीन राऊत को बड़ा दायित्व मिला है। कांग्रेस की चुनाव निगरानी समिति ईगल में राष्ट्रीय स्तर पर राऊत को शामिल किया गया है। यह समिति सबसे पहले महाराष्ट्र से ही काम की शुरुआत करेगी।
क्या है समिति
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने रविवार को समिति को इंपावर्ड एक्क्शन ग्रुप आफ लीडर्स एंड एक्सपर्ट्स यानी ईगल नाम दिया है। समिति में अजय माकन, दिग्विजयसिंह, अभिषेक सिंघवी, प्रवीण चक्रवर्ती, पवन खेडा, सुरदीप सप्पत, चल्ला वामशी चंद रेड्डी के अलावा नितीन राऊत शामिल है। खबर है कि इस समिति का कार्य 10 फरवरी से आरंभ हो जाएगा। समिति की मॉनिटरिंग दिल्ली से की जाएगी। जिला व विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मतदाता, मतदान की जानकारी जुटायी जाएगी। विविध स्थानों पर मतदान में संदेह के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। वह रिपोर्ट मल्लिकार्जुन खडगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को दी जाएगी। कांग्रेस ने पहले ईवीएम पर सवाल उठाए। बाद में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर आशंका व्यक्त की। दावा किया गया कि शाम के समय अचानक मतदान बढ़ने के मामले में गड़बड़ी है। चुनाव आयोग ने निष्पक्षता नहीं रखी है। इन शिकायतों को लेकर न्यायालय में याचिका भी दी गई है। ईगल को जिम्मेदारी दी गई है कि वह मतदान संबंधी प्रत्येक पहलुओं पर ध्यान दे। अगले चुनावों में निष्पक्षता रखने के लिए उपाययोजना व सुझाव दे।
निष्पक्ष हो चुनाव
डॉ.नितीन राऊत के मुताबिक मतदान को लेकर कई आशंकाएं रही है। हमने पहले ही इस संबंध में सरकार व चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। चुनाव संचालन की निगरानी के लिए समिति गठन पर वरिष्ठ नेताओं का आभार मानता हूं। चुनाव निष्पक्ष होना चाहिए।
Created On :   2 Feb 2025 8:42 PM IST