- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चार हथियार बंद आए, वृक्ष काटे और...
Nagpur News: चार हथियार बंद आए, वृक्ष काटे और भाग गए,वर्धा रोड के 550 पेड़ों की दिनदहाड़े कटाई
- लोककर्म विभाग में खलबली
- कुल्हाड़ी और कत्ते से वार कर कटाई
- दो किलोमीटर रोड डिवाइडर पर लगे पेड़ों को काटा
Nagpur News वर्धा रोड पर बुधवार को दिनदहाड़े चार हथियार बंद लोगों ने 550 पेड़ काट डाले। चार साल पहले रोड डिवाइडर पर इन्हें लगा या गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चार हथियार बंद आए। दिन भर पेड़ों की कटाई करते रहे। लोककर्म विभाग को खबर चलने पर खलबली मच गई। पुष्टि करने के लिए विभाग के कर्मी वहां पहुंचे। इस बात की भनक लगने पर पेड़ों की कटाई कर रहे चारों हथियारों के साथ वहां से भाग गए। पेड़ों पर कुल्हाड़ी और कत्ते से वार कर कटाई किए जाने की सूत्रों से जानकारी मिली।
लोग देखते रहे, पेड़ कटते रहे : वर्धा रोड पर खामला चौक से राजे संभाजी चौक तक दो किलोमीटर रोड डिवाइडर पर लगे पेड़ों को काटा गया। करोड़ों की लागत से लगाए गए पेड़ कटते रहे और लोग देखते रहे। दिनदहाड़े पेड़ कटते देख लोग सोचते रह गए कि मनपा से अनुमति लेकर काटे जा रहे होंगे। अाखिर क्यों काटा जा रहा, यह किसी के समझ में नहीं आया। इन पेड़ों के देखभाल की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट डिवीजन सिविल लाइंस कार्यालय पर है। पेड़ों के काटे जाने की सूचना मिलने पर विभाग के कर्मचारी वहां पहुंचे। तब तक किसी को कानों-कान खबर नहीं थी कि पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताया जाता है।
अशोक के 400, पाम के 150 पेड़ धराशायी : विभाग के सूत्रों ने बताया कि 30 किलोमीटर डिवाइडर पर 6 करोड़ की लागत से साल 2021 में विविध प्रजाति के पेड़ लगाए गए थे। उसमें से खामला चौक से राजे संभाजी चौक तक दो किलोमीटर में अशोक के 400 और पाम के 150 पेड़ लगाए थे। चार हथियारबंदों ने इन पेड़ों का कत्ल कर धाराशायी कर दिया।
राज्यपाल के हाथों लगाए पेड़ का अता-पता नहीं : दैनिक भास्कर ने दो साल पहले पौधे अपने परिजन अभियान चलाकर शहर के विविध हिस्सों में नीम के पौधे लगाए। तत्कालीन राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के हाथों अशोक चौक पर पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया गया था। आज की तारीख में उस जगह निर्माणकार्य जारी है। पौधा गायब हो गया है। मैदानों में लगाए गए पौधे भी नदारद हैं। कोरोना संकट में ऑक्सीजन की कमी महसूस की गई। उससे सबक लेकर वातावरण में प्राकृतिक आॅक्सीजन की मात्रा बढ़ाने के उद्देश्य से पौधे अपने परिजन अभियान चलाकर शहर भर में नीम के पौधे लगाए गए थे।
पेड़ों की अवैध कटाई की गई : खामला चौक से राजे संभाजी चौक तक डिवाइडर पर लगे पेड़ों की अवैध कटाई की गई है। इसके लिए लोककर्म अथवा मनपा से पेड़ों की कटाई की अनुमति नहीं ली गई। राणा प्रताप नगर पुलिस थाने में इसकी शिकायत की गई है। -आशीष कुर्वे, उपअभियंता, पीडब्ल्यूडी वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट डिवीजन, सिविल लाइंस नागपुर।
Created On :   30 Jan 2025 3:34 PM IST