Nagpur News: गुढ़ी पाड़वा की धूम, त्यौहार की पूर्व संध्या पर महिलाओं ने स्कूटर रैली निकाली

गुढ़ी पाड़वा की धूम, त्यौहार की पूर्व संध्या पर महिलाओं ने स्कूटर रैली निकाली
  • महाराष्ट्रीयन परिधान में नववर्ष का स्वागत
  • भारतीय नववर्ष स्वागत समिति का आयोजन

Nagpur News. भारतीय नववर्ष स्वागत समिति की ओर से मराठी नववर्ष के अवसर पर 17वीं महिला अभिनंदन स्कूटर रैली का आयोजन किया गया। यह भव्य रैली शनिवार को गणेशपेठ स्थित आज्ञाराम मंदिर से शुरू होकर पोद्दारेश्वर राम मंदिर में संपन्न हुई। इस रैली में 500 से अधिक महिलाएं पारंपरिक महाराष्ट्रीयन वेशभूषा में नजर आईं। वहीं महिलाओं ने अपने स्कूटर को भी विभिन्न थीम के अनुसार सजाया था। कई महिलाओं ने साथ में घोषवाक्य लिखे प्लेकार्ड भी लाए थे, जबकि कुछ महिलाएं ओपन जिप्सी में शामिल हुईं, जिससे इस कार्यक्रम की भव्यता और अधिक बढ़ गई।

17 वर्षों से जारी अनोखी परंपरा

पिछले 17 वर्षों से नागपुर में मराठी नववर्ष मनाने की यह अनोखी पहल आज्ञाराम मंदिर प्रशासन द्वारा की जा रही है। इस रैली का उद्देश्य शहर के माहौल को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाना और शहरवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देना है। रैली आज्ञाराम मंदिर, तिलक पुतला चौक, शिवाजी महाराज पुतला चौक, गांधी गेट, कोतवाली, बड़कस चौक, गांधी पुतला चौक, नंगा पुतला चौक, यादव चौक, अग्रसेन चौक होते हुए पोद्दारेश्वर मंदिर पहुंची। रैली में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में थीं, वहीं कुछ महिलाएं ऐतिहासिक वेशभूषा में भी नजर आईं। हर महिला की गाड़ी पर झंडे और गुढ़ी सजाई गई थी। रैली में डीजे और महिलाओं की घोषणाओं से माहौल अत्यंत पारंपरिक और उत्साहजोोनक हो गया था।

नारी शक्ति का सम्मान करना चाहिए

श्रद्धा पाठक, संयोजिका, महिला अभिनंदन स्कूटर रैली के मुताबिक हर महिला में मां होती है। यदि मां अपने घर और बच्चों को सही दिशा दिखा सकती है, तो वह समाज को भी उचित मार्गदर्शन दे सकती है। जिस भी क्षेत्र में महिला कार्य करती है, उसमें वह नाम रोशन करती है। समाज में हर महिला रणरागिनी है और सभी को नारी शक्ति का सम्मान करना चाहिए।


Created On :   30 March 2025 8:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story