Nagpur News: अब फ्लाइंग कोलितमारा में हेलिकॉप्टर से ले सकेंगे सैर का आनंद

अब फ्लाइंग कोलितमारा में हेलिकॉप्टर से ले सकेंगे सैर का आनंद
  • एक महीने बाद होगा शुरू
  • 6 सीटर उड़नखटोला भरेगा उड़ान

Nagpur News पेंच व्याघ्र प्रकल्प को पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनाया जा रहा है। यहां अब सैलानियों को हेलिकॉप्टर से सैर भी मुमकिन होने वाला है। एक महीने के भीतर यह सुविधा फ्लाइंग कोलितमारा में शुरू होने वाली है। यहां पहले से पैरामोटरिंग, एटीवी राइड और ढॉरबिंग बॉल जैसी एक्टिविटी का लाभ लोग उठा रहे हैं।

10 लाख से ज्यादा की कमाई : पेंच व्याघ्र प्रकल्प एक 789 वर्ग किमी में फैला हुआ जंगल है, जहां 6 से ज्यादा सफारी गेट हैं। हजारों की संख्या में पर्यटकों का आना होता है। वर्ष 2024 में शुरू कोलितमारा फ्लाइंग में अभी तक हजारों पर्यटकों ने दस्तक दी है। इससे वन विभाग को अच्छा-खासा राजस्व मिल रहा है। आंकड़ों के अनुसार अब तक सबसे ज्यादा हॉट एयर बलून की सैर पर्यटकों ने की है। कुल 400 पर्यटकों ने 300 फीट की उंचाई से प्राकृतिक नजारा व आदिवासियों की जीवनशैली को देखा है। इसके बाद पैरामोटरिंग भी लगभग इतनी ही ऊंचाई से पेंच की पहाड़ी और नदियों का दर्शन करा रही है। इसके अलावा झॉरबिंग बॉल व एटीवी राइड भी लोगों को खूब भा रही है। इन सभी से अब तक प्रशासन ने 10 लाख से ज्यादा का राजस्व कमाया है। अब इसमें एक नई एक्टिविटी का भी आनंद मिलने वाला है।

5 हजार होगा किराया : इस हेलिकॉप्टर की सफारी का किराया प्रति व्यक्ति 5 हजार तक हो सकता है। हेलिकॉप्टर सफारी से सैकड़ों फीट की ऊंचाई से पेंच व्याघ्र प्रकल्प का विहंगम दृश्य देखने को मिलेगा। अधिकारियों की मानें तो एक महीने के भीतर यह सफारी यहां शुरू होने वाली है। बता दें कि महाराष्ट्र में उपरोक्त एकमेव हॉट एयर बलून कोलितमारा में शुरू किया गया है। हेलिकॉप्टर की सफारी भी यहां के लिए एक नया रोमांच देने वाली है।


Created On :   12 Feb 2025 4:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story