Nagpur News: 40 फीट गहरे कुएं में गिरी कार , दो भाइयों सहित तीन युवकों की मौत

40 फीट गहरे कुएं में गिरी कार , दो भाइयों सहित तीन युवकों की मौत
  • बुटीबोरी औद्योगिक परिसर में हादसा
  • 7 घंटे बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला जा सका

Nagpur News बुटीबोरी औद्योगिक परिसर में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। ड्राइविंग सीखते वक्त चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 40 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस भीषण हादसे में दो भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हो गई है। करीब सात घंटे बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला गया। कानूनी प्रक्रिया के बाद मंगलवार को शव रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिए गए। बुटीबोरी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

वापस घर जा रहे थे : बुटीबोरी वार्ड नंबर 2 निवासी सूरज सिद्धार्थ चव्हाण, उसका भाई साजन (27) और मित्र संदेश चव्हाण (27) निजी काम करते थे। करीब दस महीने पहले सूरज ने पुरानी (कार क्र.एमएच 03 ए.डब्ल्यू 4500) खरीदी की थी। छोटे भाई साजन और मित्र संदेश को सोमवार की रात औद्योगिक परिसर के मैदान में कार चलाना सिखाने के लिए ले गया था। मैदान में तीन-चार चक्कर मारने के बाद रात करीब साढ़े दस से साढ़े ग्यारह बजे के दौरान वे वापस घर के लिए निकले थे। उस दौरान कार किसी नौसिखिए चालक के हाथ में थी।

हादसे से माना जा रहा है कि नौसिखिए चालक का पैर ब्रेक के बजाय एक्सिलेटर पर पड़ने से कार अनियंत्रित हो गई होगी। हवा की गति से कार सड़क की दूसरी ओर गई और लगभग दस से बारह फीट की दूरी पर कुएं में जा गिरी। बुटीबोरी थाने के थानेदार प्रताप भोसले ने बताया कि कुआं करीब 30 वर्ष पुराना है। 25 फीट गोलाई और 40 फीट गहरा है। कुएं का निर्माण औद्योगिक प्रबंधन ने किया था। कुएं पर करीब 2 फीट का सुरक्षा घेरा था। अनियंत्रित कार सुरक्षा घेरे को तोड़कर कुएं में गिरी।

दो लोगों ने कार को कुएं में गिरते देखा : कार को कुएं में गिरते हुए मैदान में खड़े दो लोगों ने देखा, जिससे हादसे का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस, औद्योगिक क्षेत्र का दमकल विभाग दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। रात करीब 11 बजे से तड़के 5 बजे तक बचाव कार्य चला। मोटर लगाकर कुएं का पानी बाहर निकाला गया। बेल्ट बांधकर दमकल कर्मी को कुएं में उतारा गया। हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। तीनों युवक मृत अवस्था में कार में थे।

हादसे के बाद खुली प्रबंधन की नींद : भीषण हादसे के बाद प्रशासन की नींद खुली। हादसे के बाद उक्त कुएं पर करीब दस फीट का सुरक्षा घेरा बनाया गया। जाली बनाने का काम जारी होने की जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी है। अन्यथा बरसों से यह कुआं खुला ही था।

Created On :   12 Feb 2025 4:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story