Nagpur News: 28 फरवरी तक शहर में 7 लाख 38 हजार कार्डों का पूरा करना है ई केवाईसी

28 फरवरी तक शहर में 7 लाख 38 हजार कार्डों का पूरा करना है ई केवाईसी
  • नहीं तो बंद हो सकता है सरकारी अनाज
  • सरकार इसके पूर्व दो बार बढ़ा चुकी है मियाद

Nagpur News सरकार ने सभी प्रकार के राशन कार्डों का ई केवाईसी करने का आदेश दिया है। शहर में सभी प्रकार के मिलाकर 7 लाख 38 हजार 633 राशन कार्ड है आैर सभी राशन कार्डों का ई केवाईसी 28 फरवरी तक होना जरूरी है। तय समय में ई केवाईसी नहीं होने पर सरकारी अनाज बंद होने का खतरा है।

नागपुर शहर में 46 हजार 156 अंत्योदय, 3 लाख 79 हजार 833 प्राधान्य, 2 लाख 67 हजार 265 एनपीएच व 45 हजार 379 एपीएल (सफेद) कार्ड है। अंत्योदय व प्राधान्य को मुफ्त में सरकारी अनाज मिलता है। शहर में इनकी संख्या 4 लाख 25 हजार 989 है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक लगभग 75 फीसदी राशन कार्डों का ई केवाईसी का काम पूरा हो चुका है। सरकार इसके पूर्व दो बार ई केवाईसी की मियाद बढ़ा चुकी है।

खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी (नागपुर शहर) विनोद काले ने बताया कि 28 फरवरी तक सभी कार्ड धारकों को राशन दुकानों में जाकर ई केवाईसी करना जरूरी है। राशन कार्ड पर जितने नाम हैं, उन सभी को अपना आधार कार्ड लेकर ई केवाईसी करना होगा। जिन्हें मुफ्त में राशन नहीं मिलता, उन्हें भी ई केवाईसी करना जरूरी है।

होली तक मिलेगी साडी : राज्य सरकार ने अंत्योदय कार्ड पर मुफ्त में साडी देने का निर्णय लिया है। शहर में 45 हजार 379 अंत्योदय कार्ड है, इस हिसाब से शहर में राशन दुकानों से 45 हजार 379 साड़ियां मुफ्त में बांटी जाएगी। यह योजना पिछले वर्ष से लागू हुई है। होली तक साड़ियां मिलने की पूरी उम्मीद है। राशन दुकानों से इन साड़ियों का वितरण होगा।

एक सप्ताह से भी कम समय बचा है : शहर में लगभग 650 राशन दुकानें है आैर सभी 7 लाख 38 हजार 633 राशन कार्डों का ई केवायसी करना जरूरी है। एक सप्ताह से भी कम का समय बचा है आैर इस दौरान ई केवाइसी नहीं होने पर मुफ्त अनाज पर संकट आ सकता है। राशन कार्ड सरकारी स्वास्थ्य सेवा में भी लागू है आैर केशरी राशन कार्ड पर 5 लाख तक का स्वास्थ्य लाभ मिलता है।


Created On :   22 Feb 2025 7:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story