Nagpur News: कंपनी में विस्फोट से 2 की मौत, 3 घायल - एशियन फायर वर्क्स में बड़ा हादसा

कंपनी में विस्फोट से 2 की मौत, 3 घायल - एशियन फायर वर्क्स में बड़ा हादसा
  • लंच टाइम होने से टली बड़ी अनहोनी
  • एशियन फायर वर्क्स में बड़ा हादसा

Nagpur News. एशियन फायर वर्क्स नामक कंपनी में विस्फोट हो गया। घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन मजदूर जख्मी हो गए। घटना रविवार की दोपहर करीब 2 बजे कलमेश्वर के कोतवालबड्डी-राउलगांव के समीप एनवीरा गांव परिसर में कारखाने के अंदर हुई, जहां पटाखों के अंदर मसाला यानी बारुद भरने का काम होता था। विस्फोट का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। जख्मी मजदूरों को शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना को लेकर अज्ञात आरोपी पर धारा 106 (1), 288, 125 (बी), बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बढ़ सकती है हताहतों की संख्या

घटना के बाद कारखाने के गेट के सामने नागरिकों की भीड़ जमा हो गई थी। मृतकाें के नाम भुरा लक्ष्मण रजक (25) भिल्मा सिवनी मध्यप्रदेश आैर मुनीत मडावी (31) घुंनटी मंडला मध्यप्रदेश निवासी है। घायलों में सौरभ मुसले (25) डोर्ली, साहिल दिलावर शेख (26), घनश्याम लोखंडे (55) डोर्ली , काटोल निवासी का समावेश बताया गया है। घटना लंच टाइम में होने से अन्य कई मजदूरों के साथ बडी अनहोनी होने से टल गई। विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में भंडारा में एक विस्फोट की घटना हुई थी, जिसमें मजदूरों की मौत हो गई थी। उस मामले की जांच चल रही है।

पटाखे में मसाला भरने का होता था काम

सूत्रों के अनुसार, एशियन फायर वर्क्स कंपनी में करीब 50 मजदूर कार्यरत हैं। रविवार को कंपनी में 16 पुरुष व 17 महिलाएं सहित 33 मजदूर काम कर रहे थे। यहां पटाखे में मसाला यानी बारुद भरने का काम शुरू था। दोपहर करीब 1.30 से 2 बजे के दरमियान कंपनी में अचानक विस्फोट हो गया। घटना की जानकारी मिलते पर कलमेश्वर के थानेदार मनोज कलबांडे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कलमेश्वर नगर परिषद से 1 व मोहपा नगर परिषद से 1 अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नागपुर ग्रामीण पुलीस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, सावनेर के डीवाईएसपी अनिल म्हस्के, काटोल के तहसीलदार राजीव रणवीर, उपविभागीय अधिकारी पीयूष चिवंडे, बीडीओ गुंजकर, विधायक चरणसिंह ठाकुर, पूर्व जिप उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चिखले, सलिल देशमुख तथा अन्य नेता भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

8 मजदूर कर रहे थे मिक्सिंग का काम

सूत्रों से पता चला है कि कंपनी में दोपहर काे लंच टाइम हो गया था। कई मजदूर अपनी टिफिन लेकर कंपनी से बाहर निकलकर भोजन कर रहे थे। कंपनी में करीब 8 मजदूर मिक्सिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद कंपनी में आग लग गई। आग में बारूद का विस्फोट होने पर उक्त दोनों मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य तीन घायल हो गए। घायलों की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। कंपनी में रखे गए सभी गठ्ठे जलकर खाक हो गए। दमकल विभाग के 6 वाहनों को घटनास्थल पर बुलाया गया था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सकता। कुछ लोग तमाशबीन बने हुए थे, तो कई लोग मददगार बनकर घायलों को मदद कर रहे थे।

घायलों के इलाज में कमी न रहे

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जिला प्रशासन को इस घटना की गहन जांच करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के इलाज में कोई कमी न रहने देने की सूचना प्रशासन को दी है। प्रशासन के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पालकमंत्री स्वयं प्रशासन के संपर्क में हैं और बचाव एवं राहत कार्यों के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। हादसे में मृत श्रमिक परिवारों के साथ दुःख साझा करते हैं।

दिश और पेसो विभाग के अधिकारी भी पहुंचे

बारुद कंपनी में विस्फोट की खबर मिलने के बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (डायरेक्टरेट ऑफ इंडस्ट्रीज सेफ्टी एण्ड हेल्थ) और पेसो (पेट्रोलियम एण्ड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन ) विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके अलावा सहायक आयुक्त कामगार विभाग, नई फारेंसिक वाहन की टीम और पुलिस ने घटनास्थल से फुटेज जब्त किया है। प्रथम दृष्टया कंपनी में लापरवाही के चलते विस्फोट होने का कयास लगाया जा रहा है।एक नहीं, तीन

बार हुआ धमाका

संवाददाता | बाजारगांव/ कोंढाली. रविवार को दोपहर करीब 1.30 से 2 बजे के दरम्यान एशियन फायर वर्क्स कंपनी के उत्पादन यूनिट में हुए विस्फोट में जहां दो कामगारों की मौत हो गई। वहीं 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, लगातार तीन धमाकों के साथ विस्फोट हुआ। पहले दो धमाकों से धूल उड़ी थी, लेकिन तीसरा धमाका इतना जबर्दस्त था कि उत्पादन यूनिट के परिक्षेत्र के तकरीबन 200 मीटर तक आग फैल गई थी। मोहपा व कमलेश्वर नगरपरिषद के अग्निशमन वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं कंपनी में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने का भी पता चला है।

डेढ़ साल में 20 कामगारों की मौत

नागपुर जिले की औद्योगिक नगरी बाजारगांव के आसपास 5 से 8 किमी के दायरे में स्थित कंपनियों में गत डेढ़ साल में अब तक 21 कामगारों की मौत हो चुकी है। सनद रहे कि, 17 दिसंबर 2023 को सोलार एक्सप्लोजिव इंडस्ट्रीज में हुई घटना में 9, चामुंडा एक्सप्लोजिव में 13 जून 2024 को हुए ब्लास्ट में 9 तथा 16 फरवरी 2025 को एशियन फायर वर्क्स एक्सप्लोजिव में हुए विस्फोट में 2 मृतकों सहित कुल 20 कामगारों की मौत हुई।

Created On :   17 Feb 2025 8:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story