विकास: नागपुर में "मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम

नागपुर में मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम
100 करोड़ रुपए की निधि से होगा कार्य

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र का पहला मल्टी स्टोरी मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम नागपुर में साकार होने वाला है। रवि नगर स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुभेदार हॉल के पीछे जल्द ही यह भव्य इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के शताब्दी महोत्सव के अवसर पर सरकार द्वारा दिए गए 100 करोड़ रुपए की निधि में से इस स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

20 करोड़ की निधि मिली : नागपुर विद्यापीठ ने नागपुर और विदर्भ के खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करने की पहल की है। महाराष्ट्र सरकार ने शताब्दी महोत्सव के तहत विभिन्न सुविधाएं बढ़ाने के लिए विद्यापीठ को 100 करोड़ रुपए का अनुदान दिया है। इसमें से 44 करोड़ रुपए में मल्टी स्टोरी मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम साकार होगा। स्टेडियम के लिए 20 करोड़ की निधि मिलने से अब निर्माण का काम जल्द ही शुरू किया जाने वाला है। बुधवार को कुलगुरु डॉ. सुभाष चौधरी ने पीपीटी द्वारा इस संबंध में पूरी जानकारी ली।

समिति में यह हैं शामिल : नागपुर विद्यापीठ ने इस स्टेडियम के लिए आनंद सारडा को 100 करोड़ रुपए की निधि मेंआर्किटेक्ट नियुक्त किया है। तकनीकी समिति की देखरेख में यह महत्वाकांक्षी इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस तकनीकी समिति में विद्यापीठ खेल एवं शारीरिक शिक्षा बोर्ड के संचालक डाॅ. शरद सूर्यवंशी, शारीरिक शिक्षा एवं खेल बोर्ड के सदस्य डाॅ. धनंजय वेलूकर, अर्जुन व द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता विजय मुनेश्वर, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता वर्षा घुसे, उप अभियंता अतुल गोटे, आर्किटेक्ट आनंद सारडा, विद्यापीठ के अभियंता नितिन विश्वकर, उप अभियंता महेंद्र पाटील का सहभाग है।

10 प्रतियोगिता आयोजित हो सकेगी : यह मल्टी स्टोरी मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम दस खेलों के लिए होगा। दिन-रात 10 खेलों की प्रतियोगिता आयोजित की जा सकेगी तथा अभ्यास के लिए इनडोर स्टेडियम भी उपलब्ध रहेगा। इस इनडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक, इनडोर कबड्डी, जूड़ो, वुशू, बैडमिंटन, स्वैश, कुश्ती आदि की सुविधाएं होंगी।

खिलाड़ियों के होंगे म्यूरल्स : मल्टी स्टोरी मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम में कैफेटेरिया, मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रशासकीय कार्यालय, जिम्नाशियम और पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र की सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही स्टेडियम में अर्जुन, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के म्यूरल्स लगाए जाएंगे।

Created On :   14 Dec 2023 10:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story