राजनीतिक दौरा: राजनीति की बंजर जमीन पर नई उम्मीद जगाने विदर्भ के दौरे पर आएंगे राज ठाकरे

राजनीति की बंजर जमीन पर नई उम्मीद जगाने विदर्भ के दौरे पर आएंगे राज ठाकरे
  • विधानसभा चुनाव के लिए करेंगे उम्मीदवारों की घोषणा
  • डाक्टर, कृषि विशेषज्ञ, पत्रकारों से भी मिलेंगे
  • 6 दिन तक विविध जिलों में ठहरेंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भले ही राज्य के कुछ हिस्सों में प्रभाव दिखाया लेकिन राजनीतिक मामले में विदर्भ उसके लिए बंजर जमीन है। यहां लोकसभा, विधानसभा तो क्या नगरनिकाय चुनावों में भी मनसे को समर्थन नहीं मिल पाया है। ऐसे में मनसे प्रमुख राज ठाकरे नई उम्मीद लेकर विदर्भ के दौरे पर आ रहे हैं। 21 अगस्त से उनका दौरा आरंभ होगा। नवंबर तक विधानसभा चुनाव होंगे। फिलहाल चुनाव की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन मनसे प्रमुख विदर्भ में पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर जाएंगे। 6 दिन के दौरे में वे नागपुर, गोंदिया, गडचिरोली, अमरावती, वाशिम, अकोला में रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान डाक्टर, कृषि विशेषज्ञ के अलावा पत्रकारों से भी अनौपचारिक भेंट करेंगे। मनसे प्रमुख ने विधानसभा चुनाव में लिए दो उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। बाला नांदगांवकर को मुंबई व दिलीप धोत्रे को पंढरपुर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। नागपुर जिले में विधानसभा की 12 सीटों में से लगभग 10 सीटों के लिए मनसे के उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं उनमें आदित्य दुरुगकर, बिजाराम भिलकर, विशाल बडगे, तुषार गिरहे, सागर दुधाने, शेखर दुंडे, चंदू लाडे शामिल है।

संगठन कमजोर : मनसे की विदर्भ में स्थिति यह है कि नागपुर सहित विदर्भ के लगभग सभी जिले में उसकी कार्यकारिणी नहीं बन पायी है। पुराने कार्यकर्ता शिवसेना में लौट गए हैं। कुछ कार्यकर्ताओं ने राकांपा में प्रवेश लिया है। 2019 के विधानसभा चुनाव में राज्य में मनसे पराजित हो गई। उसके उम्मीदवार नहीं चुने गए। लिहाजा संगठन कार्य पर भी ध्यान नहीं दिया गया है।

रेल से आएंगे राज : राज ठाकरे 21 अगस्त को सुबह नागपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। रविभवन में पदाधिकारियों से चर्चा के बाद नागपुर में ही रात्रि मुकाम करेंगे। 22 को सुबह 11 बजे भंडारा, दोपहर 3.30 बजे गोंदिया में पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। गोंदिया में रात्रि विश्राम के बाद 23 अगस्त की सुबह गड़चिरोली व दोपहर 2.30 बजे चंद्रपुर में संगठन की समीक्षा करेंगे। रात्रि में वणी में ठहरेंगे। 24 को सुबह 11 बजे वणी व शाम 5.30 वर्धा में पदाधिकारियों से मिलेंगे। अमरावती में रात्रि विश्राम के बाद 25 को सुबह अमरावती व दोपहर 4 बजे वाशिम में कार्यक्रम में शामिल होंगे। 26 को अकोला, शेगांव के बाद मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

Created On :   10 Aug 2024 10:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story