दहशत: तेंदूपत्ता संकलन के लिए गई महिला पर तेंदुए ने किया हमला, मौके पर ही मौत

तेंदूपत्ता संकलन के लिए गई महिला पर तेंदुए ने किया हमला, मौके पर ही मौत
  • जंगल क्षेत्र में तेंदूपत्ता संकलन कर रहा था महिलाओं का समूह
  • कल्पना चौधरी पर तेंदुए किया हमला तो अन्य महिलाएं भागीं
  • घटना से क्षेत्र में दहशत, कामकाज के लिए भी नहीं निकल रहे लोग

डिजिटल डेस्क, उमरेड (नागपुर) । उमरेड वनविभाग के उत्तर वनपरिक्षेत्र के भिवगड़ ग्राम के जंगल परिसर में गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे के दरम्यान तेंदूपत्ता संकलन के लिए गईं भिवगड़ ग्राम की महिलाओं के समूह में से तेंदुए ने कल्पना उत्तम चौधरी (39) पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कल्पना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

तेंदुपत्ता तोड़ने गईं थी : जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह 9 बजे के दरम्यान भिवगड़ निवासी कल्पना उत्तम चौधरी (39), निर्मला श्रीरामे, पुष्पा परचाखे, चंद्रकला राउत, कल्पना कालसर्पे व अन्य महिलाओं के साथ उमरेड वनविभाग के उत्तर वनपरिक्षेत्र के निय्यत क्षेत्र के भिवगड़ कक्ष क्रमांक- 340 प्रोटेक्ट फॉरेस्ट में तेंदूपत्ता तोड़ने गईं थी। इस बीच अचानक जंगल में छुपे तेंदुए ने कल्पना पर हमला कर दिया। अन्य महिलाओं के शोर मचाते ही तेंदुआ भाग निकला।

ग्रामीणों में दहशत : मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए उमरेड ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। देर शाम कल्पना का अंतिम संस्कार किया गया। ग्राम की सरपंच शकुंतला कंगाली, विजय घुगे सहित ग्रामीण मौजूद थे। घटना से ग्राम में सन्नाटा पसर गया। वहीं ग्रामीणों में वन्यजीवों के बढ़ते हमले से दहशत व्याप्त है। भिवगड़ निवासी फरियादी कृष्णा चौधरी की मौखिक रिपोर्ट के आधार पर उमरेड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच पुलिस हवलदार नितेश मेश्राम कर रहे हैं।

वनविभाग की टीम तैनाम : घटना के बाद भिवगड़ ग्राम में वनविभाग की टीम तैनात की गई। वन्यजीवों के हमले से बचाव व सावधानी के बारे में ग्रामीणों में जनजागृति की जा रही है। मृतक महिला के परिजनों को आर्थिक मदद में सहकार्य के लिए वनविभाग द्वारा जांच शुुरू है।

झिंगाबाई टाकली में तेंदुए की दहशत : जंगलों का दायरा सिकुड़ता जा रहा है, जिसके चलते जंगली जानवर रहवासी इलाके तक पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ समय में शहर में इसके अनेक उदाहरण मिले हैं। अंबाझरी, गोरेवाडा, काटोल रोड, बुटीबोरी, हिंगना, एमआईडीसी में तेंदुआ दिखने के बाद अब झिंगाबाई टाकली में इसकी दहशत बताई जा रही है।

सोसाइटी में बछड़े का किया शिकार : बुधवार की रात करीब 10.30 बजे पश्चिम नागपुर के झिंगाबाई टाकली परिसर के सावंत सोसाइटी में तेंदुआ दिखने की जानकारी है। सोसायटी परिसर में गाय के बछड़े को मारने की जानकारी है। जैसे ही लोगों ने हो-हल्ला मचाया, वह जंगल की ओर भाग गया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, उसने इस तेंदुए को देखा है। हालांकि वह कहां से आया, यह अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रत्यक्षदर्शी का नाम प्रवीण पाटील बताया गया। उनके घर के सामने यह घटनाक्रम होने की जानकारी दी गई। टॉवर लाइन के लगभग पांच सौ मीटर दूरी पर यह परिसर है। पास में गोरेवाड़ा प्रकल्प और जंगल का परिसर है।

इसके पहले भी रही दहशत : इससे पहले 6 नवंबर 2022 को जख्मी तेंदुए के हमले में हॉस्पिटल के सुरक्षा रक्षक के जख्मी होने की घटना घटी थी। एक वाहन की टक्कर में घायल तेंदुए ने वर्धा रोड स्थित एक हॉस्पिटल के सुरक्षा रक्षक पर हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सुरक्षा रक्षक पर हॉस्पिटल में उपचार किया गया था। सुरक्षा रक्षक पर हमला करने के बाद तेंदुआ जामठा वीसीए स्टेडियम के सामने झुड़पी जंगल परिसर में भाग गया था। घटना की जानकारी मिलने पर ट्रान्जिट ट्रीटमेंट सेंटर के रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर ऑपरेशन तेंदुआ शुरू कर कुछ समय में उसे पकड़ा था। नागपुर में बाघ और तेंदुए की हलचलें नई नहीं है।

Created On :   17 May 2024 7:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story