Nagpur News: भाजपा में संगठन पुनर्गठन कार्य तेज, जल्द बदलेंगे मंडल अध्यक्ष

भाजपा में संगठन पुनर्गठन कार्य तेज, जल्द बदलेंगे मंडल अध्यक्ष
  • 3500 से अधिक विशेष कार्यकारी अधिकारी
  • बूथ व शक्ति प्रमुख बनेंगे विशेष कार्यकारी अधिकारी

Nagpur News. भाजपा में संगठन पुनगर्ठन का कार्य तेज चल रहा है। 28 फरवरी को सदस्यता अभियान समाप्त होगा। उसके बाद बूथ व मंडल स्तर पर अध्यक्ष बदले जाएंगे। मार्च के पहले सप्ताह में सभी बूथ समितियों का गठन कर दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करने की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है। विशेष कार्यकारी अधिकारियों की नियुक्ति में भाजपा के बूथ व शक्ति प्रमुखों के विशेष प्राथमिकता से स्थान मिलेगा। शनिवार को हुई शहर भाजपा की बैठक में विविध विषयों पर चर्चा की गई। बताया गया कि शहर में भाजपा के 3.70 लाख सदस्य बनाए गए हैं। सदस्यता अभियान का लक्ष्य पाने के लिए 50 हजार सदस्य बनाना शेष है। 1 वार्ड 100 सदस्य का टारगेट दिया गया है। विविध प्रयासों के बाद भी उत्तर व दक्षिण नागपुर में सदस्यता अभियान पिछड़ा हुआ है। दोनों क्षेत्र में सदस्यता अभियान का लक्ष्य 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो पाया है। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश कार्याध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, विदर्भ संगठक उपेंद्र कोठेकर सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के निर्देश पर बूथ व शक्ति प्रमुखाें की कार्य रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

3500 से अधिक विशेष कार्यकारी अधिकारी : पालकमंत्री की अध्यक्षता में राज्य में जिला स्तर पर विशेष कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। प्रशासन व जनता के बीच समन्वय के मामले में इस समिति की भूमिका प्रभावी रहेगी। समिति में राजनीतिक, सामाजिक, खेल, कला सहित अन्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। तैयारी चल रही है उससे अनुमान है कि यह समिति पूरी तरह से भाजपा के प्रभाव में रहेगी। शहर में भाजपा के 3500 कार्यकर्ता, पदाधिकारी को विशेष कार्यकारी अधिकारी बनने का मौका मिल सकता है। इसके लिए मंडल स्तर पर नाम तय कर लिए गए है। विशेष कार्यकारी अधिकारी 500 मतदाताओं के लिए नियुक्त किए जाएंगे। उन्हें 13 से 14 विशेष अधिकार दिए जाएंगे।

नई जिम्मेदारियां

बंटी कुकड़े, अध्यक्ष भाजपा शहर के मुताबिक यह सही है कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी। बूथ स्तर पर संगठन कार्य चल रहा है। विशेष कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति का विषय पालकमंत्री व प्रशासन से संबंधित है। उस समिति से भाजपा का संबंध नहीं है। फिर भी कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप उन्हें समिति में स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।



Created On :   24 Feb 2025 8:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story