कार्रवाई: अवैध साहूकार ने डॉक्टर से मांगी 2.40 करोड़ की फिरौती , आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य साथी फरार

अवैध साहूकार ने डॉक्टर से मांगी 2.40 करोड़ की फिरौती , आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य साथी फरार
  • 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे 30 लाख रुपए
  • दे चुके हैं मूल रकम और ब्याज 70.70 लाख रुपए
  • रकम नहीं मिलने पर दी परिवार सहित जान से मारने की धमकी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अवैध साहूकार द्वारा एक डॉक्टर से 2.40 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। यह रकम नहीं मिलने पर डॉक्टर को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। घटित वाकये से अंबाझरी थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार की दोपहर उसे अदालत में पेश कर पीसीआर में लिया गया है,जबकी उसके फरार दो साथियों की तलाश जारी है।

3 कोरे चेक और सौ रुपए के स्टाम्प पर लिखकर दिए : पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धरमपेठ शिवाजी नगर निवासी डॉक्टर नरेंद्र वासूदेवराव धिके (64) का धरमपेठ में इमेजिंग प्वाइंट नाम से एक्स-रे और सोनोग्राफी सेंटर है। सेंटर में स्थित यह मशीनें खराब होने के कारण डॉक्टर को नई मशीनें खरीदी करनी थी। उसके लिए उन्हें 30 लाख रुपए की जरूरत थी। बैंक से लोन मंजूर होने में विलंब होने के कारण डॉक्टर ने अवैध साहूकार एवं होटल संचालक आरोपी मनोज वसंत हिवरकर (38) गोधनी रोड झिंगाबाई टाकली निवासी से 30 लाख रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। उसके बदले में सिक्योरिटी के तौर पर 3 कोरे चेक और 100 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिखकर दिया था। यह बात 1 सितंबर 2021 की है।

वसूली करने दफ्तर में पहुंचा : रकम लेने के बाद मनोज को 30 लाख के बदले में मूल रकम और ब्याज ऐसे कुल 70 लाख 70 हजार रुपए दिए जा चुके हैं। बावजूद 10 मई 2024 से अभी तक कई बार वह डॉक्टर को धमका चुका है। दो साथियों के साथ वह डॉक्टर के दफ्तर में आ धमका और 2 करोड़ 40 लाख रुपए की मांग की तथा लेन-देन का कागज डॉक्टर को दिखाया था। डॉक्टर ने भी अपने हिसाब का कागज उसे दिखाया। इसके बावजूद अवैध साहूकार ने डॉक्टर को परिवार सहित जान से मारने की धमकी देकर उक्त रकम की मांग की है। इससे डरे-सहमे डॉक्टर ने मामले की पुलिस से शिकायत की। घटित वाकये की पुष्टि होने के बाद प्रकरण दर्ज कर मनोज को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार की दोपहर अदालत में पेश कर उसे 12 तारीख तक पीसीआर में लिया गया है। उसके दो फरार साथियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। वरिष्ठ निरीक्षक विनायक गोल्हे के मार्गदर्शन में प्रकरण की जांच-पड़ताल जारी है।

Created On :   10 July 2024 5:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story