पुलिस ने दबोचा: अमरावती के सराफा व्यापारी पिता -पुत्र से लूटपाट करने वाले नागपुर के गोधनी से पकड़ाए

अमरावती के सराफा व्यापारी पिता -पुत्र से लूटपाट करने वाले नागपुर के गोधनी से पकड़ाए
  • अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
  • उत्तप्रदेश के लुटेरों का लोकल कनेक्शन खोज रही पुलिस
  • रास्ते में हमला कर ले भागे थे सोना-चांदी

डिजिटल डेस्क, नागपुर / अमरावती। नागपुर शहर के गोधनी से दो लुटेरों को अमरावती पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में धरदबोचा। गिरफ्तार आरोपियों का नाम ग्यासोद्दीन वहाजोद्दीन कुरेशी (42) निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश और आरोपी मोहम्मद साजीक खान मोहम्मद हारुन (37) निवासी हिरापुर, बालाघाट, मध्यप्रदेश है। आरोपी मोहम्मद साजीक ने लूट का माल बेचने में मदद की। इस अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने के साथ ही अब अमरावती की क्राइम ब्रांच की यूनिट 1 का दस्ता आरोपियों का उत्तर प्रदेश कनेक्शन तलाश रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जवाहर नगर में 4 सितंबर को दिनदहाड़े सराफा व्यापारी अरविंद जावरे के साथ सशस्त्र लूटपाट की गई थी। अमरावती पुलिस ने फिल्मी अंदाज में खोज निकाला है। आरोपियों को नागपुर के गोधनी से इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

दुर्ग तक आरोपियों का सुराग पुलिस ने तलाशा : अमरावती से दुर्ग तक करीब 500 किलोमीटर तक आरोपियों को सुराग तलाशा गया था। इस दौरान एक - एक पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। इसके बाद अमरावती पुलिस की क्राइम यूनिट-1 ने नागपुर के गोंधनी में डेरा डालकर आरोपी ग्यासोद्दीन वहाजोद्दीन कुरेशी और उसके दोस्त आरोपी मोहम्मद साजीक खान मोहम्मद हारुन को गिरफ्तार किया। सराफा व्यापारी के साथ 8 लुटरों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी के वाहनों का उपयोग कर डकैती को अंजाम दिया था। आरोपियों से तीन वाहन और लूटी गई ढाई लाख रुपए मूल्य की 3 किलो 100 ग्राम चांदी बरामद कर ली गई है। पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने उक्त जानकारी मंगलवार को पत्र-परिषद में दी। उन्होंने बताया कि लुटेरों को सराफा व्यापारी अरविंद जावरे की टीप देने वाले अमरावती के लोकल कनेक्शन की तलाश की जा रही है। जल्द ही यह लोकल आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में होगा। अन्य आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश शुरू है।

क्या था मामला : गत 4 सिंतबर को दिन दहाड़े सुबह 11.30 बजे गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी निकट जवाहर नगर में सराफा व्यापारी अरविंद जावरे व उनके पिता को रास्ते में जबरन रोककर लुटेरों ने पिस्तौल से हमला कर अरविंद को घायल कर दिया। इस दौरान उनके पास से चांदी के बर्तनों से भरी थैली लूटकर भाग गए थे। एक अपाची दोपहिया और एक बोलेरो कार का इस डकैती में उपयोग किया गया। पुलिस के लिए डकैती की यह घटना सुलझाना एक चुनौती थी।


Created On :   11 Sept 2024 7:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story