राजनीतिक कयासबाजी: भाजपा के अध्यक्ष पद की चर्चा के बीच संघ मुख्यालय पहुंचे देवेन्द्र फडणवीस

भाजपा के अध्यक्ष पद की चर्चा के बीच संघ मुख्यालय पहुंचे देवेन्द्र फडणवीस
  • एक दिन पहले ही कहा था अध्यक्ष पद की चर्चा के केवल मीडिया में है
  • भाजपा के अधिवेशन व अन्य कार्यक्रमों को छोड़ सुबह की पहुंच गए हेडगेवार भवन
  • विधानमंडल के मानसून अधिवेशन के समय भी पहुंचे थे

डिजिटल डेस्क ,नागपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रेशमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति भवन पहुंचे। शनिवार की सुबह उनके स्मृति भवन पहुंचने को लेकर भी कई तर्क लगाए जा रहे हैं। खास बात है कि सुबह से ही उनके विविध स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित है। भाजपा के शहर अधिवेशन, पुल भूमिपूजन व खेल संबधी कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच वे स्मृति भवन पहुंचे। उनके समर्थकों का दावा है कि फडणवीस ने औपचारिक तौर पर स्मृति भवन को भेंट दी। बाद में वे भाजपा के कार्यक्रम में शामिल हो गए। भाजपा का शहर अधिवेशन रेशमबाग मैदान परिसर के ही सुरेश भट सभागृह में चल रहा है। जानकार सूत्र कहते हैं कि स्मृति भवन में संघ के कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों से फडणवीस की चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री से परिवार सहित मिल आए : देवेंद्र फडणवीस के बारे में काफी समय से कहा जा रहा है कि उन्हें भाजपा की केंद्र की राजनीति में ले जाया जा रहा है। 2018 में उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी बनाया गया था। उसके बाद गोवा का प्रभारी बनाया गया। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में भाजपा के पिछड़ने के बाद फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद का इस्तीफा भेजकर संगठन मामले की जिम्मेदारी देने की मांग की थी। लेकिन भाजपा ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा गठबंधन की सरकार बनी तो भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। उसके बाद से चर्चा चल रही है कि नड्‌डा के स्थान पर नए चेहरे को भाजपा की कमान सौंपी जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक की पसंद के नेता को चुना जाएगा। भाजपा में इस पद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कई नाम हैं। इनमें महाराष्ट्र से देवेंद्र फडणवीस, विनाेद तावडे का नाम चर्चा में रहा है। साथ ही केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराजसिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव का नाम भी चर्चा में रहा है। देवेंद्र फडणवीस कुछ दिन पहले ही दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले उनके साथ उनकी पत्नी व बेटी भी थी। माना जा रहा है कि फडणवीस किसी भी स्थिति में केंद्र की राजनीति में नहीं जाना चाहते हैं। शुक्रवार को ही उन्होंने साफ कहा है कि वे अभी केंद्र में नहीं जा रहे हैं। अध्यक्ष पद की चर्चा मीडिया में शुरु हुई और मीडिया में ही है। इससे पहले मुंबई में विधानमंडल के मानसून अधिवेशन के समय फडणवीस हेडगेवार भवन पहुंचे थे।

Created On :   3 Aug 2024 11:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story