अपहरण का मामला: सुमित ठाकुर गैंग का सदस्य मुंबई में पकड़ाया

सुमित ठाकुर गैंग का सदस्य मुंबई में पकड़ाया
आरोपी पर 5 साल पहले लगा था मकोका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका क्षेत्र में तीन दोस्तों को माउजर दिखाकर उनका अपहरण करने वाले सुमित ठाकुर गैंग के एक सदस्य को मुंबई से गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। आरोपी का नाम उजैर उर्फ उज्जी अब्दुल परवेज खालिद है। आरोपी को मुंबई के डोंगरी पायधुनी इलाके में एक लॉज से फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तार किया गया। उजैर, सुमित का करीबी दोस्त हैं। आरोपी उजैर पर करीब 5 वर्ष पहले मकोका लगाया गया था।

ऐसे हुई गिरफ्तारी : जरीपटका पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि, सुमित का करीबी साथी उजैर मुंबई के एक लॉज में छिपा है। थानेदार संतोष बकाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बजरंग खोमने सहयोगियों के साथ मुंबई पहुंचे। करीब 5 दिन तक टीम ने मुंबई में डेरा डालकर उजेर (आशियाना सोसाइटी, अय्यप्पा नगर निवासी) की तलाश में 60 से अधिक लॉज खंगाले और 70 से अधिक लोकेशन पर छानबीन करने के बाद आखिरकार उसे मंुबई के डोंगरी पायधुनी इलाके में एक लॉज में अंदर जाते समय धरदबोचा। थानेदार बकाल का कहना है कि, इस मामले मंे बाकी के आरोपी भी जल्द पकड़े जाएंगे। उजैर को बुधवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। घटना के दिन उजैर ने सुमित को माउजर लाकर दी थी। इस बारे में उससे पूछताछ की जा रही है।

एमडी तस्करी में लिप्त है आरोपी : उजैर एमडी ड्रग्स तस्करी में लिप्त है। उसका नेटवर्क मुंबई से जुड़ा है। वह मुंबई से एमडी लाकर नागपुर में बेचता है। वह ज्यादातर कॉलेज के विद्यार्थियों को एमडी के लिए टारगेट करता था। यह धंधा उसने कुछ समय पहले ही शुरू किया था। इसीलिए उस पर पुलिस की नजर नहीं पड़ी।

कॉल डिटेल में खुलेंगे कई राज : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उजैर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकालने पर कई राज खुल सकते हैं। कॉल डिटेल से यह भी पता चलेगा कि, वह मुंबई के किस तस्कर से माल खरीदकर नागपुर में लाता है। नागपुर में वह सुमित के अलावा और किस-किस के संपर्क में है।

Created On :   1 Nov 2023 8:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story