16 लाख ऐंठे: मेट्रो में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले 2 आरोपी पकड़ाए

मेट्रो में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले 2 आरोपी पकड़ाए
  • सेक्शन इंजीनियर पद के लिए फार्म भरने कहा
  • 8-8 लाख रुपए देने के बाद नियुक्ति पत्र दिया
  • मेट्रो कार्यालय जाने पर नियुक्ति पत्र निकला फर्जी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मेट्रो में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी किए जाने का मामला उजागर हुआ है। अंबाझरी थाने में प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अदालत में पेश कर उन्हें पीसीआर में लिया गया है।

नौकरी के लिए 8.30 लाख दिए : आरोपी गौरव अशोक उके (29) वड़धामना और अनिस खान गुलाम रसूल खान (44) गिट्टीखदान निवासी है, जबकि पीड़ित निशांत प्रकाशराव टेकाडे नामक युवक है। निशांत को मनीष नगर निवासी परीचित दीपक मुप्पीडवार (60) नामक व्यक्ति ने बताया था कि महामेट्रो में रिक्त पदों पर भर्ती है। इस कारण उसे सेक्शन इंजीनियर पद के लिए आवेदन करने के लिए कहा गया था। उसके बाद निशांत का मोबाइल नंबर गौरव को दिया गया था। गौरव ने फोन पर बात की और नौकरी लगाने की हामी भरी। उसके लिए खर्चा देने के लिए कहा गया था। इस बीच अनिस खान गुलाम रसूल खान से उसकी मुलाकात कराई गई। इस बीच नौकरी के बदले में निशांत को लाखों रुपए देने की बात कही गई थी, जिससे उसने गौरव और अनिस को 8 लाख 30 हजार रुपए दिए। उसके बाद उसे नियुक्ति पत्र थमाया गया।

और भी लोग लिप्त हो सकते हैं : पीड़ित जब नियुक्ति पत्र लेकर मेट्रो के कार्यालय में गया, तो नियुक्ति पत्र फर्जी होने का पता चला। ठगे जाने से निशांत ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन गौरव और अनिल टाल-मटोल करने लगे। इससे उनमें विवाद हो गया। तब मामला थाने पहुंचा। अंबाझरी पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। इस बीच गुप्त जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार की दोपहर उन्हें अदालत में पेश कर 17 अगस्त तक पीसीआर में लिया गया है। घटना से बेरोजगारों को ठगे जाने की आशंका है। इसमें और भी आरोपियों के लिप्त होने का पुलिस को शक है। ऐसे लोगों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। उपायुक्त राहुल मदने के मार्गदर्शन में जांच जारी है।


Created On :   16 Aug 2024 6:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story