New Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी में धूमधाम से मनाई गई शिवाजी महाराज की जयंती, भारतीय सेना की सलामी

राष्ट्रीय राजधानी में धूमधाम से मनाई गई शिवाजी महाराज की जयंती, भारतीय सेना की सलामी
  • छत्रपति शिवाजी महाराज की 395 वीं जयंती धूमधाम से मनाई
  • ‘जय शिवाजी, जय भवानी’ का जयघोष

New Delhi News. राष्ट्रीय राजधानी में छत्रपति शिवाजी महाराज की 395 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान ‘जय शिवाजी, जय भवानी’ का जयघोष करते हुए बड़ी संख्या में शिव प्रेमी उपस्थित रहे। भारतीय सेना की ओर से इस अवसर पर अनोखे ढंग से सलामी भी दी गई। यहां कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित नए महाराष्ट्र सदन में शिव जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में संभाजी राजे छत्रपति अपने परिवार के साथ उपस्थित थे। मेजर जनरल एस.एस. पाटिल (विशिष्ट सेवा चक्र) की विशेष उपस्थिति रही। सांसद राजाभाऊ वाझे और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। महाराष्ट्र सदन के मुख्य प्रवेश क्षेत्र के मध्य में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई। यहां आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शिव जन्मोत्सव के अवसर पर संभाजी राजे छत्रपति, संयोगिताराजे एवं परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में पालना पूजा की गई। इसके बाद पालकी पूजन भी किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सदन परिसर को फूलों से सजाया गया था। इस कार्यक्रम में दिल्ली से बड़ी संख्या में मराठी लोग शामिल हुए । नासिक से आए ढोल वादकों के एक समूह ने भी कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। ढोल वादन में भाग ले रहे युवाओं के उत्साह और प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

वहीं संसद भवन परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की घुड़सवार प्रतिमा पर विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों और शिव प्रेमियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सांसद अरविंद सावंत, राजाभाऊ वाजे, भास्कर भागरे और पूर्व सांसद हेमंत गोडसे उपस्थित थे।

Created On :   19 Feb 2025 9:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story