- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शिवसेना शिंदे और राकांपा अजित के...
Mumbai News: शिवसेना शिंदे और राकांपा अजित के पालक मंत्री वाले जिलों में भाजपा के संपर्क मंत्रियों की रहेगी पैनी नजर

- कैबिनेट मंत्री लोढा को मुंबई शहर और नाईक को ठाणे का बनाया संपर्क मंत्री
- भाजपा ने जिन जिलों में पालक मंत्री नहीं हैं, ऐसे जिलों में नियुक्त किए संपर्क मंत्री
Mumbai News. प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा, सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के साथ मिलकर सरकार चला रही है। लेकिन राज्य के जिन जिलों में शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के पालक मंत्री हैं, उन जिलों में भाजपा ने संपर्क मंत्री नियुक्त किया है। यानी शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के पालक मंत्री वाले 17 जिलों पर भाजपा के संपर्क मंत्रियों की पैनी नजर रहेगी। भाजपा ने प्रदेश के कौशल्य, रोजगार, उद्यमिता व नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढा को मुंबई शहर का संपर्क मंत्री नियुक्त किया है। जबकि राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक को ठाणे का संपर्क मंत्री बनाया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तथा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने यह घोषणा की। मंगलवार को राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की चर्चगेट स्थित एसएनडीटी विश्वविद्यालय के पाटकर हॉल में कार्यशाला आयोजित की गई थी। इस मौके परबावनकुले ने कहा कि भाजपा के संपर्क मंत्रियों को हर महीने में दो बार अपने प्रभार वाले जिलों का दौरा करना होगा। सरकार और पार्टी के संगठन में समन्वय बनाने के लिए संपर्क मंत्री बनाए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के कार्यों कोपूरा करने के लिए संपर्क मंत्री नियुक्त किए गए हैं। यदि जरूरत पड़ी तो संबंधित जिले के संपर्क मंत्री स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे।
देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री के मुताबिक महायुति में तीन दलों की सरकार होने के कारण जिस जिले में भाजपा अपना पालक मंत्री नहीं बना पाई है। उस जिले में भाजपा ने संपर्क मंत्री नियुक्त किए हैं। क्योंकि पालक मंत्री नहीं होने पर कई बार पार्टी के पदाधिकारी कहते हैं कि हम लोग कामकाज के लिए सबसे पहले किससे संपर्क करें। इसलिए भाजपा ने संपर्क मंत्री बनाए हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के मुताबिक भाजपा ने महायुति सरकार और संगठन में समन्वय बनाए रखने के लिए 17 जिलों में संपर्क मंत्री नियुक्त किए हैं। शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) भी अपने दल के कार्यकर्ताओं को न्याय देने के लिए भाजपा के पालक मंत्री वाले जिलों में संपर्क मंत्री बना सकती है। इसमें भाजपा को कोई आपत्ति नहीं होगी।
किस जिले में किसको मिली जिम्मेदारी
जिला भाजपा के संपर्क मंत्री पालक मंत्री व दल
1. मुंबई शहर मंगलप्रभात लोढा एकनाथ शिंदे (शिवसेना-शिंदे)
2. ठाणे गणेश नाईक एकनाथ शिंदे (शिवसेना-शिंदे)
3. पुणे चंद्रकांत पाटील अजित पवार (राकांपा-अजित)
4.बीड़ पंकजा मुंडे अजित पवार (राकांपा-अजित)
5.जलगांव गिरीश महाजन गुलाबराव पाटील (शिवसेना-शिंदे)
6.बुलढाणा आकाश फुंडकर मकरंद पाटील (राकांपा-अजित)
7.यवतमाल अशोक उईके संजय राठोड़ (शिवसेना-शिंदे)
8.वाशिम राधाकृष्ण विखे-पाटील हसन मुश्रीफ (राकांपा-अजित)
9. संभाजीनगर अतुल सावे संजय शिरसाट (शिवसेना-शिंदे)
10. धाराशिव जयकुमार गोरे प्रताप सरनाईक (शिवसेना-शिंदे)
11.नंदूरबार जयकुमार रावल माणिकराव कोकाटे (राकांपा-अजित)
12.हिंगोली मेघना बोर्डिकर नरहरी झिरवाल (राकांपा-अजित)
13. गोंदिया पंकज भोयर बाबासाहेब पाटील (राकांपा-अजित)
14.रायगड नितेश राणे नियुक्ति स्थगित
15.रत्नागिरी आशीष शेलार उदय सामंत (शिवसेना-शिंदे)
16.सातारा शिवेंद्रसिंह भोसले शंभुराज देसाई (शिवसेना-शिंदे)
17. कोल्हापुर माधुरी मिसाल प्रकाश अबिटकर (शिवसेना-शिंदे)
Created On :   4 Feb 2025 10:20 PM IST