- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज्य सरकार की लाड़ली बहन योजना ,...
Mumbai News: राज्य सरकार की लाड़ली बहन योजना , जांच में अपात्र मिलने पर वापस ली जाएगी सहायता राशि!

- राज्य की महिला व बाल विकास मंत्री आदिति तटकरे ने दिए संकेत
- होने वाली है जांच -पड़ताल
Nagpur News प्रदेश की महिला व बाल विकास मंत्री आदिति तटकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री मेरी लाड़ली बहन योजना के महिला लाभार्थियों की जांच (क्रॉस वेरिफिकेशन) चल रही है। जांच में अपात्र पाई गई महिलाओं को इस बारे में अवगत कराया जाएगा। इसके बाद सरकार की तिजोरी में सहायता राशि वापस ली जाएगी।
शनिवार को अहिल्यानगर के शिर्डी में आदिति ने कहा कि सालाना ढाई लाख रुपए से अधिक आय वाली जिन महिलाओं ने लाभ लिया है, जिन महिला लाभार्थियों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं, जिन लाभार्थियों के परिवार के पास चार पहिया वाहन है, जो महिलाएं विवाह होने के बाद दूसरे राज्य में चली गई हैं और एक से अधिक दो अथवा तीन बार आवेदन करने वाली महिलाओं की पड़ताल शुरू है। यह जांच एक सतत प्रक्रिया है, जो आगे भी जारी रहेगी। आदिति ने कहा कि राज्य में वार्षिक आय बढ़ने, चार पहिया वाहन खरीदने जैसे कारणों से जो महिलाएं अब योजना के लाभ के लिए पात्र नहीं हैं, ऐसी लगभग 4500 महिलाओं ने सरकार को सहायता राशि वापस लौटाने का फैसला किया है।
ऐसी महिलाओं से सहायता राशि वापस लेने के लिए राज्य के वित्त विभाग के जरिए रिफंड हेड (मद) तैयार किया जाएगा। इससे महिलाएं सहायता राशि सरकारी खाते में वापस कर सकेंगी। आदिति ने कहा कि अपात्र महिलाओं को खुद सामने आकर योजना का लाभ बंद करने के लिए सरकार के पास आवेदन करना चाहिए। राज्य में लाड़ली बहन योजना की लाभार्थियों को हर महीने 1500 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। महिला लाभार्थियों को जनवरी महीने का लाभ 26 जनवरी से ऑनलाइन प्रदान किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने महिला व बाल विकास विभाग को 3 हजार 690 करोड़ रुपए उपलब्ध कराया है। राज्य में 2 करोड़ 43 लाख से अधिक महिला लाभार्थी हैं।
Created On :   18 Jan 2025 7:38 PM IST