Mumbai News: गुढी पडवा और हिंदू नव वर्ष के दिन संपत्ति और वाहन बिक्री में बढ़ोतरी, संपत्तियों का हुआ पंजीकरण

गुढी पडवा और हिंदू नव वर्ष के दिन संपत्ति और वाहन बिक्री में बढ़ोतरी, संपत्तियों का हुआ पंजीकरण
  • मुंबई में 3,154 वाहन और 480 संपत्तियों का हुआ पंजीकरण
  • हिंदू नव वर्ष के दिन संपत्ति और वाहन बिक्री में बढ़ोतरी

Mumbai News. गुढी पाडवा और हिंदू नववर्ष की शुरुआत अच्छी हुई। इस वर्ष मुंबई में वाहन और संपत्ति के पंजीकरण में बढ़ोतरी देखी गई है। मुंबई में कुल 480 संपत्ति और 5,214 वाहन का रजिस्ट्रेशन हुआ है इसमें से 3,154 वाहनों का रजिस्ट्रेशन मुंबई शहर के आरटीओ में हुआ है। हालांकि प्रॉपर्टी और वाहन रजिस्ट्रेशन से राज्य को कितने राजस्व की प्राप्ति हुई है, यह आंकड़ा सरकार ने अभी जारी नहीं किया है। इस वर्ष राज्य में कुल 86,814 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। जो वर्ष 2024 के मुकाबले करीब 30 फीसदी ज्यादा है। आंकड़ों के मुताबिक साल 2025 में गुढी पाडवा के अवसर पर 22,078 चार पहिया वाहनों का पंजीकरण हुआ है। जो कि पिछले साल के मुकाबले 4,942 अधिक है। वर्ष 2024 में 17,139 चार पहिया वाहनों का पंजीकरण हुआ था। वहीं दो पहिया वाहनों के आंकड़ों को देखें तो साल 2025 में 51,756 वाहनों की बिक्री दर्ज हुई है। यह आंकड़े साल 2024 में हुए 40,675 वाहनों की बिक्री की अपेक्षा 11,081 अधिक है।

वाहन पंजीकरण में शीर्ष-5 शहर

इस वर्ष वाहन पंजीकरण में जो पांच शहर शीर्ष पर रहे हैं उसमें पुणे आरटीओ 11,056 वाहनों के साथ पहले स्थान पर है। जबकि 6,648 वाहन पंजीकरण के साथ पिंपरी-चिंचवड दूसरे स्थान पर है। इसी प्रकार नाशिक आरटीओ में 3,626 वाहन, मुंबई सेंट्रल आरटीओ में 3,154 और ठाणे आरटीओ में 3,107 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।

ठाणे में बढ़ी घरों की मांग, 500 से अधिक घरों की बिक्री

ठाणे में 500 से ज्यादा घरों की बुकिंग दर्ज की गई है। जबकि करीब एक हजार से ज्यादा लोगों ने गृह प्रवेश किया। ठाणे एमसीएचआई के अध्यक्ष जितेंद्र मेहता ने बताया कि घर खरीदने में घोडबंदर रोड की संपत्तियों को ज्यादा तरजीह मिली है। पिछले साल की तुलना में इस साल घर की खरीदारी में 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

Created On :   30 March 2025 10:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story