- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दादर पुलिस ने किया फर्जी नेवी भर्ती...
Mumbai News: दादर पुलिस ने किया फर्जी नेवी भर्ती रैकेट का पर्दाफाश

- चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
- शीघ्र गिरफ्तार होंगे सभी आरोपी
Mumbai News दादर पुलिस ने वर्ली कोलीवाड़ा इलाके में नेवी में अधिकारी पदों के लिए फर्जी भर्ती से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है,जिनकी पहचान अनुज मायेकर, नितिन शेट्ये, गणेश नागरकर और श्रद्धा गोठीवरेकर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का दावा है कि इन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दादर पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने भारतीय नौसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर कम से कम 15 लोगों से करीब 76 लाख रुपये ठगे हैं। यह संख्या और भी बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोगों की पहचान करने का सिलसिला अब भी जारी है।
दादर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ली कोलीवाड़ा के रहने वाले मयूर मंगेश दलवी (28) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। वह पिछले साल दिसंबर में आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने उसे विश्वास दिलाया कि भारतीय नौसेना में अधिकारी पदों के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती चल रही है और उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने उससे यह भी पूछा कि क्या वह और कई उम्मीदवारों को जानता है जो इसमें शामिल होने के इच्छुक हैं। दलवी ने उन पर विश्वास करके अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को इसके बारे में बताया। इसके बाद दलवी समेत 15 लोगों ने आवेदन किया, जिसकी एवज में आरोपियों ने उनसे कुल ७६ लाख रूपये वसूले, जिसमें से ६० लाख बैंक खातों में ट्रांसफर हुए,जबकि 16 लाख कैश दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, यह लेन- देन 5 दिसंबर, 2024 से 13 फरवरी, 2025 के बीच हुए, लेकिन आरोपियों द्वारा दिए गए समय के बाद पीड़ितों में से किसी को भी नियुक्ति पत्र या नौकरी नहीं मिली। जब उन्होंने इसके बारे ने आरोपियों से पूछा तो उन्होंने टालमटोल करना शुरू कर दिया। धोखाधड़ी होने के एहसास होने पर पीड़ितों ने पुलिस को जानकारी दी।शिकायत के बाद पुलिस ने अनुज मायेकर, नितिन शेटे, गणेश नागरकर और श्रद्धा गोथिवरेकर पर फर्जी दस्तावेज बनाने और पैसे की हेराफेरी करने का मामला दर्ज किया है। इस मामले में आगे की जांच और आरोपियों की तलाश जारी है।
Created On :   13 March 2025 7:31 PM IST