- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बजट सत्र का सत्रावसान, कामरा-सुषमा...
Mumbai News: बजट सत्र का सत्रावसान, कामरा-सुषमा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव, बोर्डीकर को नोटिस

- कामरा और सुषमा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश
- बोर्डीकर के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस
Mumbai News. विधानमंडल के बजट सत्र का बुधवार को सत्रावसान हो गया। इस सत्र में किसानों के मुद्दों से लेकर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों एवं कामगारों की सुरक्षा से लेकर विकास के मुद्दों पर चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सत्र की समाप्ति की घोषणा करते हुए कहा कि इस सत्र में कुल 9 विधेयक पेश किए गए, जो सभी के सभी पास हुए। विधानसभा में 16 दिनों के कामकाज में 147 घंटे कामकाज हुआ। जबकि हंगामे के चलते लगभग सदन का सवा घंटा खराब भी हुआ। 20 मिनट मंत्रियों के सदन में मौजूद नहीं रहने से सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम उपस्थिति 91 फीसदी रही जबकि कम से कम 54 फीसदी सदस्य उपस्थित रहे। हर रोज लगभग 9 घंटे कामकाज हुआ। विधानमंडल का मानसून सत्र 30 जून 2025 से मुंबई में होगा।
कामरा और सुषमा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश
विधान परिषद में भाजपा के सदस्य प्रवीण दरेकर ने हास्य कलाकार कुणाल कामरा और शिवसेना (उद्धव) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया। इस पर सभापति राम शिंदे इस प्रस्ताव को विशेषाधिकार हनन समिति के पास भेज दिया है। बुधवार को सदन में दरेकर ने कहा कि कामरा में एक गाने के जरिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां की है। उस गाने का अंधारे ने समर्थन किया है। यह शिंदे और सदन की अवमानना है। इसलिए कामरा और सुषमा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दाखिल किया गया है।
बोर्डीकर के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस
दूसरी ओर विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य धीरज लिंगाडे ने प्रदेश की स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघना बोर्डीकर के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दाखिल करने के लिए सभापति राम शिंदे को नोटिस दिया है। लिंगाडे ने कहा कि बुलढाणा के शेगाव तहसील में लोगों के बाल झड़ने की घटना के बारे में बोर्डीकर ने सदन में भ्रामक जानकारी दी है। यह सदन का अपमान है। इसके पहले बीते 20 मार्च को सदन में बोर्डीकर ने कहा था कि बुलढाणा के शेगांव में सरकारी राशन दुकानों से दिए गेहूं के सेवन और दूषित पानी के कारण लोगों का बाल नहीं झड़ा है।
सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वापस
विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने सदन के सभापति राम शिंदे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के लिए दाखिल नोटिस को वापस ले लिया है। दानवे ने कहा कि मुझे सदन में निष्पक्ष व्यवहार किए जाने का आश्वासन दिया गया है। बीते 19 मार्च को दानवे ने सदन में बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव दाखिल करने के लिए सभापति के कार्यालय को नोटिस दिया था।
Created On :   26 March 2025 10:04 PM IST