- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बांग्लादेशी कनेक्शन - मुंबई में...
नागपुर हिंसा: बांग्लादेशी कनेक्शन - मुंबई में गिरफ्तार आरोपी ने नागपुर से बनवाया था फर्जी पासपोर्ट

- आरोपी के साथियों के बारे में भी जांच करने में जुटी क्राइम ब्रांच
- मुंबई में गिरफ्तार आरोपी ने नागपुर से बनवाया था फर्जी पासपोर्ट
Mumbai News. नागपुर से मुंबई पहुंचे बांग्लादेशी घुसपैठिये से मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा की गई पूछताछ में अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अजीजुल रहमान ने फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने यह पासपोर्ट कुछ साल पहले ही बनवाया था और उसका पासपोर्ट नागपुर से जारी हुआ था। हालांकि, उसने किस मकसद से यह पासपोर्ट बनवाया था और पासपोर्ट के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने में किसने मदद की थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, अब तक की पूछताछ में आरोपी नागपुर हिंसा में अपना हाथ होने से लगातार इंकार कर रहा है। लेकिन, क्राइम ब्रांच की टीम उसके बारे में लगातार जानकारियां इकट्ठा करने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी नागपुर से भागकर मुंबई क्यों आया और यहां से वह कहां जाने वाला था, इसकी भी जांच की जा रही है। वह पिछले लगभग 7 साल से नागपुर में रह रहा था। लेकिन हिंसा के बाद उसके मुंबई आने के पीछे क्या कारण है और उसकी पृष्ठभूमि क्या है, इसका भी पता क्राइम ब्रांच लगा रही है। क्राइम ब्रांच इस बात की भी जांच करने में जुटी है कि आरोपी के साथ और कितने लोग नागपुर से मुंबई आए थे और वे कहां हैं। क्राइम ब्रांच के आला अधिकारी इस मामले को लेकर लगातार नागपुर पुलिस के संपर्क में हैं।
Created On :   28 March 2025 9:42 PM IST