- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अपात्र 5 लाख लाडली बहनों से वापस...
Mumbai News: अपात्र 5 लाख लाडली बहनों से वापस नहीं ली जाएगी रकम, खातों में जमा किए गए थे 450 करोड़
![अपात्र 5 लाख लाडली बहनों से वापस नहीं ली जाएगी रकम, खातों में जमा किए गए थे 450 करोड़ अपात्र 5 लाख लाडली बहनों से वापस नहीं ली जाएगी रकम, खातों में जमा किए गए थे 450 करोड़](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/09/1401921-1.webp)
- अपात्र 5 लाख लाडली बहनों से वापस नहीं ली जाएगी रकम: मंत्री
- पिछले साल खातों में जमा किए गए थे 450 करोड़ रुपए
- डेढ़ लाख महिलाएं 65 वर्ष के पार
Mumbai News. मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना की पांच लाख अपात्र बहनों से राज्य सरकार पैसे वापस नहीं लेगी। महिला व बाल विकास विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिति तटकरे ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई से दिसंबर के बीच पूरे राज्य में इन महिलाओं के खातों में कुल 450 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए थे। लेकिन यह राशि वापस नहीं ली गई है और राज्य सरकार का ऐसा करने का कोई इरादा भी नहीं है। ये महिलाएं अलग-अलग वजह से योजना का लाभ पाने के लिए अपात्र पाई गई हैं।
मुख्यमंत्री मेरी लाडकी बहन योजना के तहत 21 - 65 आयु वर्ग की उन महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह सहायता राशि दी जाती है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ढाई लाख रुपए से कम है। पात्रता की अन्य शर्तों में चार पहिया वाहन न होना और परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी सेवा में न होना शामिल है। तटकरे ने कहा, ‘जो महिलाएं अपात्र घोषित की गई हैं, उन्हें आगे कोई लाभ नहीं मिलेगा। लेकिन पहले से जमा की गई राशि वापस लेना उचित नहीं होगा।’
डेढ़ लाख महिलाएं 65 वर्ष के पार
अधिकारी ने बताया कि जो पांच लाख महिलाएं अपात्र पाई गई हैं, उनमें से डेढ़ लाख महिलाएं 65 वर्ष से अधिक उम्र की हैं। जबकि 1.6 लाख महिलाओं के पास या तो चार पहिया वाहन हैं या वे ‘नमो शेतकरी योजना’ जैसी अन्य सरकारी योजनाओं की लाभार्थी हैं। करीब 2.3 लाख महिलाएं संजय गांधी निराधार योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रही हैं, इस कारण वे ‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना’ के लिए अपात्र हो गईं।
Created On :   9 Feb 2025 8:19 PM IST