- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नाराजगी की खबरों के बीच मंत्रिमंडल...
Mumbai News: नाराजगी की खबरों के बीच मंत्रिमंडल बैठक में रिलैक्स दिखे शिंदे, राऊत का सीएम पर तंज, बोले - सीएम आवास में गढ़ा है भैंसे का सींग
![नाराजगी की खबरों के बीच मंत्रिमंडल बैठक में रिलैक्स दिखे शिंदे, राऊत का सीएम पर तंज, बोले - सीएम आवास में गढ़ा है भैंसे का सींग नाराजगी की खबरों के बीच मंत्रिमंडल बैठक में रिलैक्स दिखे शिंदे, राऊत का सीएम पर तंज, बोले - सीएम आवास में गढ़ा है भैंसे का सींग](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/04/1400361-1.webp)
- फडणवीस से अकेले में 10 मिनट तक की चर्चा
- बीच मंत्रिमंडल बैठक में रिलैक्स दिखे शिंदे
Mumbai News : सोमदत्त शर्मा। पिछले कई दिनों से नाराजगी की खबरों के बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में शिरकत की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा बुलाई गई पिछली कई बैठकों में शामिल नहीं होने के चलते उनकी नाराजगी की खबरें सामने आई थीं। हालांकि मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में एकनाथ शिंदे थोड़े रिलैक्स नजर आए। बैठक के बाद शिंदे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से 10 मिनट तक अलग चर्चा भी की। मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने के लिए एकनाथ शिंदे सुबह अपने ठाणे स्थित घर से मंत्रालय के लिए निकले थे। मंत्रालय पहुंचने के बाद शिंदे ने पहले अपने सभी मंत्रियों के साथ बैठक की और उन्हें सोमवार से लेकर बुधवार तक पार्टी द्वारा निर्धारित किए गए समय के मुताबिक पार्टी मुख्यालय में जनता दरबार लगाने को कहा। शिंदे ने अपने मंत्रियों से कहा कि जनता से जुड़े हुए कार्य रुकने नहीं चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रालय में भी बैठकर जनता के कार्यों को प्राथमिकता से निपटारा करने के लिए कहा। मंत्रिमंडल की बैठक में शिंदे मुख्यमंत्री फडणवीस के बगल में बैठे नजर आए और कई मुद्दों पर चर्चा भी की। बैठक में मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में उपमुख्यमंत्री शिंदे थोड़ा रिलैक्स नजर आए। इस बैठक में वह अपने साथी मंत्रियों से भी चर्चा करते हुए दिखाई दिए। जैसे ही मंत्रिमंडल की बैठक खत्म हुई उसके बाद शिंदे ने फडणवीस से 10 मिनट तक अलग चर्चा भी की। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि दोनों ही नेताओं के बीच क्या चर्चा हुई। इस बीच मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उद्योग विभाग के अंतर्गत व्यापार को सुगम बनाने के लिए मैत्री 2.0 पोर्टल का अनावरण भी किया गया।
मंत्रालय के गेट पर जनता से मिले शिंदे
मंत्रालय में मंत्रिमंडल की बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही शिंदे सह्याद्री अतिथि गृह में अपनी अन्य बैठकों में शामिल होने के लिए मंत्रालय के गेट पर पहुंचे तो उन्हें वहां पहले से ही मौजूद लोगों की भीड़ ने घेर लिया। लोग बारी-बारी से अपनी शिकायतें शिंदे को बताते रहे और शिंदे भी उनकी शिकायतों को गौर से सुनते हुए दिखाई दिए। इस बीच तकरीबन आधा घंटा मंत्रालय के गेट पर बिताने के बाद शिंदे वहां से सह्याद्री के लिए रवाना हुए।
संजय बोले - सीएम आवास में गढ़ा है भैंसे का सींग, इसलिए नहीं जा रहे हैं फडणवीस - संजय राऊत
उधर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास 'वर्षा' बंगले को लेकर पिछले कई दिनों से बयानबाजी जारी है। बतौर मुख्यमंत्री फडणवीस शपथ लेने के बाद अभी तक अपने सरकारी आवास में रहने के लिए नहीं आए हैं। जिसको लेकर शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं प्रवक्ता संजय राऊत हमलावर हैं। इस बीच बंगले में जाने पर विवाद बढ़ता देख फडणवीस ने अपनी बेटी की दसवीं की परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्षा बंगले में जाने की बात कही है। इससे पहले राऊत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को शपथ लिए 2 महीने का समय हो गया है लेकिन वह किसके डर के चलते इस बंगले में नहीं पहुंच रह रहे हैं। राऊत का कहना है कि उन्हें भाजपा के नेताओं से पता चला है कि वर्षा बंगले के लॉन में कामाख्या मंदिर में बलि दिए गए भैंसे का सींग गढा हुआ है। राऊत पर पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस पर कोई कितना भी जादू कर ले उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राऊत ने सोमवार को दावा किया था कि वर्षा बंगला राज्य के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है, लेकिन किसी ने वर्षा बंगले पर जादू टोना किया है। यही कारण है कि फडणवीस इस बंगले में नहीं जाना चाहते। राऊत ने कहा कि शिंदे के खेमे में सभी नींबू सम्राट हैं। सुनने में आया है कि भाजपा के खेमे में चर्चा है कि वर्षा बंगले में लॉन में गड्ढा खोदकर कामाख्या देवी में काटा गया भैंसे का सींग दफनाया गया है। यही कारण है फडणवीस वर्षा बंगले में नहीं जा रहे हैं। राऊत ने कहा कि हम अंधविश्वास में विश्वास नहीं करते। लेकिन ऐसी चर्चा है कि मुख्यमंत्री का पद किसी दूसरे व्यक्ति के पास नहीं टिक सके इसको लेकर तंत्र-मंत्र का सहारा लिया गया है। राऊत के बयान पर पलटवार करते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा मुख्यमंत्री फडणवीस पर कोई कितना जादू कर ले, उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि उन्होंने किसी का कुछ बिगाड़ा नहीं है। हम लोग अंधश्रद्धा पर विश्वास नहीं करते हैं। निर्मूलन समिति को संजय राऊत के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए। राऊत राज्य के लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
...
Created On :   4 Feb 2025 9:56 PM IST