Mumbai News: पिछले दो महीने में पार्टी के एक भी जनता दरबार में नहीं पहुंचे धनंजय मुंडे

पिछले दो महीने में पार्टी के एक भी जनता दरबार में नहीं पहुंचे धनंजय मुंडे
  • बीमारी की वजह से नहीं लगा पा रहा हूं जनता दरबार- मुंडे
  • दो महीने में पार्टी के एक भी जनता दरबार में नहीं पहुंचे

Mumbai News. राज्य के खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति मंत्री धनंजय मुंडे की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बीड के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में विपक्ष के निशाने पर आए मुंडे पर नया आरोप लगा है। खबर है कि पिछले दो महीने से चल रहे राकांपा (अजित) के जनता दरबार में एक बार भी उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है। जबकि अजित के बाकी के मंत्री तय कार्यक्रम के मुताबिक जनता दरबार लगा रहे हैं। जनता दरबार और मंत्रिमंडल की बैठकों में शामिल नहीं होने पर मुंडे ने सफाई देते हुए कहा है कि 15 दिनों पहले मेरी दोनों आंखों का ऑपरेशन हुआ है, जिसकी वजह से डॉक्टर ने मुझे आराम करने की सलाह दी है। हालांकि इस बीच मैंने जनता दरबार और मंत्रिमंडल की बैठकों में शामिल न होने की जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अपनी पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार को दे दी है।

राकांपा (अजित) पार्टी कार्यालय के मुताबिक पार्टी के सभी मंत्रियों को बारी-बारी से सप्ताह में तीन बार जनता दरबार लगाने के लिए कहा गया है। अजित गुट के सभी मंत्री बारी-बारी से पार्टी कार्यालय में दरबार लगा रहे हैं, लेकिन धनंजय मुंडे एक भी जनता दरबार में हाजिरी नहीं लगा पाए हैं। ऐसे में अंदरखाने में अजित गुट के नेता सवाल उठा रहे हैं कि जब राज्य के सभी मंत्री जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं तो फिर धनंजय मुंडे जनता दरबार में क्यों नहीं पहुंच रहे हैं। इन नेताओं का कहना है कि अब तो मुंडे की आंखों का ऑपरेशन हुआ है लेकिन इससे पहले मुंडे एक भी बार पार्टी के जनता दरबार में नहीं पहुंचे हैं।

बीमारी की वजह से नहीं लगा पा रहा हूं जनता दरबार- मुंडे

इस बीच धनंजय मुंडे ने जनता दरबार और मंत्रिमंडल की बैठकों में शामिल नहीं होने पर सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा है कि 15 दिनों पहले मेरी दोनों आंखों का ऑपरेशन हुआ है। डॉक्टरों ने मुझे आराम करने की सलाह दी है। इस बीच मैं मंत्रिमंडल की एक-दो बैठकों और पार्टी के जनता दरबार कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रहा। लेकिन मैंने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मेरी पार्टी के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार को दे दी है। मुंडे ने कहा कि मैं बीमारी को मात देकर एक बार फिर से जनता की सेवा में जुड़ने वाला हूं। दरअसल कुछ दिनों पहले मुंडे ने बेल्स पाल्सी नामक बीमारी के चलते अपनी दोनों आंखों का ऑपरेशन कराया है। डॉक्टरों के मुताबिक इस बीमारी में पूरी तरह से ठीक होने में दो-तीन सप्ताह का समय लग सकता है।

Created On :   20 Feb 2025 9:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story