लोकसभा परिणाम: महाराष्ट्र में महायुति को तगड़ा झटका 9 सीटों पर सिमटी भाजपा, कांग्रेस अव्वल

महाराष्ट्र में महायुति को तगड़ा झटका 9 सीटों पर सिमटी भाजपा, कांग्रेस अव्वल
  • महायुति को मिलीं 17 सीट
  • महाविकास आघाडी के खाते में 30 सीट
  • मुंबई में दिखा उद्धव का जलवा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में अप्रत्याशित रूप से तगड़ा झटका लगा है, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। भाजपा ने दावा किया था कि महायुति महाराष्ट्र में 48 में से 45 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी, लेकिन महायुति महज 17 सीटों पर सिमट कर रह गई है। विपक्ष के गठजोड़ महाविकास आघाडी को 30 सीटें मिली हैं, वहीं 1 सीट सांगली पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर कांग्रेस नेता विशाल पाटील को जीत मिली है। महाराष्ट्र में भाजपा सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के साथ गठबंधन के बावजूद कोई बड़ा कमाल नहीं कर सकी। शिवसेना और राकांपा दोनों दलों में हुई टूट के कारण पार्टी बड़े फायदे की उम्मीद लगाए बैठे थी, लेकिन महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और जादू दोनों नहीं चला। महाराष्ट्र में भाजपा को 28 में से केवल 9 सीटों पर जीत मिली है, जबकि 15 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली शिवसेना (शिंदे) काे 7 सीटों पर सफलता मिली है।

वहीं राकांपा (अजित) को 4 में से सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली है। महायुति में शामिल महादेव जानकर की पार्टी रासपा का खाता नहीं खुल सका। इस चुनाव का नतीजा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के लिए झटका माना जा रहा है। दूसरी ओर विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाडी में शिवसेना (उद्धव) ने सबसे अधिक 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से शिवसेना (उद्धव) ने 9 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटों पर विजय हासिल की है। राकांपा (शरद) काे 10 में से 8 सीटों पर सफलता मिली है। शिवसेना में टूट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राकांपा में विभाजन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने पहली बार चुनाव का सामना किया है। चुनाव नतीजों से साफ है कि उद्धव और पवार दोनों को सहानभूति का फायदा मिला है। मराठा आरक्षण आंदोलन के कारण भी भाजपा काे नुकसान हुआ है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 23 और शिवसेना (अविभाजित) को 18 सीटों पर जीत मिली थी। शिवसेना में हुई टूट के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे में 13 सांसद आ गए थे। वहीं साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-राकांपा (अविभाजित) की आघाडी थी। इनमें कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट और राकांपा (अविभाजित) को 4 सीटें मिली थीं। राकांपा में टूट के बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अगुवाई वाले दल में 1 सांसद आया था। इस चुनाव में वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) और बहुजन विकास आघाडी जैसे छोटे दलों का भी खाता नहीं खुल सका है।

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव परिणाम

पार्टी लड़े जीते

भाजपा 28 9

शिवसेना (शिंदे) 15 07

राकांपा (अजित) 04 01

रासपा 01 0

कांग्रेस 17 13

शिवसेना (उद्धव) 21 9

राकांपा (शरद) 10 8

वंचित बहुजन आघाडी 37 0

एमआईएम 05 0

निर्दलीय 625 01







Created On :   5 Jun 2024 12:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story