विधानसभा चुनाव: 20 अगस्त से महाविकास आघाडी के चुनाव अभियान की शुरुआत, राहुल-खड़गे होंगे शामिल

20 अगस्त से महाविकास आघाडी के चुनाव अभियान की शुरुआत, राहुल-खड़गे होंगे शामिल
  • बीकेसी के वाटरप्रूफ पंडाल में होगी कांग्रेस की सभा
  • राहुल-खड़गे होंगे शामिल
  • महाविकास आघाडी के चुनाव अभियान की शुरुआत

डिजिटल डेस्क, मुंबई. आगामी विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत महाविकास आघाडी 20 अगस्त से मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) मैदान से करने वाली है। बारिश के मौसम को देखते हुए इसके लिए पार्टी ने वाटरप्रूफ पंडाल लगाने की शुरुआत कर दी है। यह सभा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर होगी। इस सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत महाविकास आघाडी के दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। बीकेसी मैदान में होने वाली इस सभा के लिए राज्य के साथ-साथ देश के भी बड़े नेताओं को बुलाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन) नाना गावंडे ने कहा कि वैसे यह सभा स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित हो रही है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए इससे बड़ा कोई दिन नहीं हो सकता। गावंडे ने कहा कि इस सभा में प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं समेत पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे। विपक्षी दलों में राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे भी इस सभा में शामिल होंगे। इसके साथ इंडिया गठबंधन के महाराष्ट्र के नेताओं को भी इस सभा के लिए निमंत्रण भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा बारिश के सीजन को देखते हुए बीकेसी मैदान में एक वाटरप्रूफ पंडाल बनाने की शुरुआत हो गई। खबर है कि इस सभा के बाद राहुल गांधी मुंबई समेत महाराष्ट्र के दूसरे जिलों में सभाओं के अलावा रोड शो भी करेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस सभा के लिए कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी शामिल होने के लिए कहा गया है, लेकिन अभी तक सोनिया इस सभा में शामिल होंगी या नहीं इस पर कोई फैसला नहीं हो सका है।

मुंबई में न्याय यात्रा निकाल रही हैं वर्षा गायकवाड

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मुंबई में न्याय यात्रा निकाल रही हैं। इस यात्रा के जरिए वर्षा गली-गली में आम जनता से उनकी समस्याओं को लेकर रूबरू हो रही हैं। वर्षा की यह यात्रा दक्षिण मुंबई से शुरू हो चुकी है जो मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में जाएगी। वर्षा इस यात्रा के जरिए आम लोगों से उनकी परेशानियों को लेकर बातचीत कर रही हैं। यात्रा को लेकर वर्षा ने कहा कि आम लोगों की समस्या जानना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस के घोषणा पत्र में उनको शामिल किया जा सकेगा। वर्षा ने कहा कि उनकी इस यात्रा में पार्टी के बड़े नेता भी शामिल होंगे।

Created On :   11 Aug 2024 4:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story