मुसीबत की बारिश: पहले से भरा पानी निकला नहीं, बारिश ने कॉलोनियों में और मुश्किलें बढ़ाईं

पहले से भरा पानी निकला नहीं, बारिश ने कॉलोनियों में और मुश्किलें बढ़ाईं
  • सड़क पर निकलने में भारी परेशानी
  • शिकायत करने के बाद भी कई जगह नहीं पहुँची नगर निगम की टीम
  • क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नगर निगम की टीम उनके क्षेत्र में नहीं पहुँच रही है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश से कई कॉलोनियों में पानी भर हुआ है। हालत यह है कि लोगों का कॉलोनियों की सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या हो रही है।

दूसरी तरफ बारिश की एक और खेप ने जल भराव को और बढ़ा दिया है। कॉलोनी में रहने वाले लोग पानी निकालने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की टीम कई क्षेत्रों में नहीं पहुँच पा रही है।

बाहर निकलना मुश्किल

लगातार हो रही बारिश के कारण शिव नगर, चेरीताल, जगदंबा कॉलोनी, जानकी नगर और स्टेट बैंक कॉलोनी की सड़कों पर पानी भर गया। कॉलोनियों की सड़कों पर एक से दो फीट पानी होने के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

कई जगह घरों में भी पानी भरने की शिकायत मिल रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नगर निगम की टीम उनके क्षेत्र में नहीं पहुँच रही है।

सड़कों पर 3-3 फीट तक भरा पानी

अमखेरा और कुदवारी क्षेत्र की आधा दर्जन कॉलोनियों की सड़कों पर बारिश का पानी भर गया। यहाँ पर भारत कॉलोनी, ओमकार नगर, बिजपुरिया कॉलोनी, अयोध्या नगर और हनुमंत नगर में दो से तीन फीट पानी भरा हुआ है।

कॉलोनियों की सड़क कच्ची होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ पर रहने वाले नागरिकों ने जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

जलभराव की समस्या हुई विकराल

गढ़ा क्षेत्र के गंगा नगर, चंदन कॉलोनी, संजीवनी नगर, 90 क्वार्टर, धनवंतरी नगर, भूकंप कॉलोनी और लाल बिल्डिंग क्षेत्र में जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। बारिश में यहाँ पर लगातार जलभराव हो रहा है। आधा इंच बारिश में ही यहाँ की कॉलोनियों में पानी भर रहा है।

नगर निगम की ओर से यहाँ पर जलनिकासी के इंतजाम करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सारे इंतजाम फेल हो रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम की ओर से जल निकासी के लिए स्थाई व्यवस्था नहीं की जा रही है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

अंडरब्रिज में पानी, ट्रैफिक बंद

मदन महल अंडरब्रिज में पिछले तीन दिन से पानी भरा हुआ है। यहाँ पर दो से तीन फीट पानी भरा हुआ है। इसके कारण अंडरब्रिज से आवागमन नहीं हो पा रहा है। लोगों को शास्त्री ब्रिज से घूमकर आना और जाना पड़ रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Created On :   5 Aug 2024 9:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story