जबलपुर: मुंबई की डेली फ्लाइट तो शुरू नहीं हुई स्पाइस जेट की हैदराबाद उड़ान भी बंद

मुंबई की डेली फ्लाइट तो शुरू नहीं हुई स्पाइस जेट की हैदराबाद उड़ान भी बंद
  • इंडिगो की मुंबई उड़ान भी तीन माह से बंद, फ्लायर्स परेशान
  • इंडिगो की मुंबई रूट की हफ़्ते में तीन दिन संचालित होने वाली फ्लाइट पहले से ही बंद है
  • हैदराबाद की एक फ्लाइट बंद हो जाने से मुंबई की वन स्टॉप उड़ानें और महँगी हो जाएँगी।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुंबई की डेली फ्लाइट तो चालू नहीं हुई वहीं स्पाइस जेट की जबलपुर-हैदराबाद उड़ान को भी शुक्रवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। अब इंडिगो की हैदराबाद उड़ान बची है, जिसका किराया आसमान पर पहुँच जाएगा।

स्पाइसजेट के स्थानीय प्रतिनिधि का दावा है कि उड़ान तकनीकी कारणों से 15 मई तक बंद की गई है। हकीकत में बुकिंग विंडो से ये उड़ान उसके बाद भी सप्ताह में दो ही दिन दिख रही है।

जबलपुर सहित आसपास के जिले के फ्लायर्स मुंबई की नियमित फ्लाइट चालू कराने लगातार माँग कर रहे हैं। इसे न चालू करके हैदराबाद फ्लाइट को भी बंद करने से फ़्लायर्स में आक्रोश व्याप्त हो गया है।

इंडिगो की मुंबई रूट की हफ़्ते में तीन दिन संचालित होने वाली फ्लाइट पहले से ही बंद है, जो तीन माह बीतने के बाद भी चालू नहीं हो सकी है। मुंबई रूट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट सप्ताह में मात्र एक दिन ही संचालित हो रही है, जिसे नियमित करने लगातार माँग की जा रही है।

अब हैदराबाद उड़ान को बंद करना जबलपुर के हक में डाका डालने के बराबर माना जा रहा है क्योंकि मुंबई की सीधी उड़ान के अभाव में लोग हैदराबाद होकर ही मुंबई जा रहे हैं।

आश्चर्य की बात है कि जबलपुर से 96 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी होने के बाद भी जबलपुर से मुंबई चलने वाली उड़ान को बंद कर दिया गया था, वहीं ग्वालियर में मात्र 50-55 फीसदी ऑक्यूपेंसी होने पर भी मुंबई के लिए सातों दिन फ्लाइट संचालित की जा रही है। ग्वालियर के नसीब में अकेली इंडिगो की डेली उड़ान ही नहीं बल्कि अकासा की वीकली उड़ान भी है।

जबलपुर-मुंबई रोजाना फ्लाइट को लेकर उद्योगपति, चिकित्सक, अधिवक्ताओं के साथ ही युवा वर्ग भी लामबंद हो रहे हैं। वायु सेवा संघर्ष समिति द्वारा जागृति यज्ञ और धरना-प्रदर्शन तक का ऐलान किया गया है। इसके बावजूद अभी तक डेली फ्लाइट को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

अब सिर्फ एक दिन की फ्लाइट

एक समय था जब जबलपुर से मुंबई के साथ कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे की भी फ्लाइट संचालित होती थी, मगर जिन रूटों की उड़ान एक बार जो बंद हुई तो फिर दोबारा शुरू नहीं हुई।

जबलपुर से मुंबई जाने के लिए भी सप्ताह में एक दिन फ्लाइट है। इस बीच अगर मुंबई जाने की नौबत आ जाए तो नागपुर, हैदराबाद, इंदौर, दिल्ली जाकर मुंबई की फ्लाइट पकड़नी पड़ती है। अब हैदराबाद की एक फ्लाइट बंद हो जाने से मुंबई की वन स्टॉप उड़ानें और महँगी हो जाएँगी।

Created On :   11 May 2024 9:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story