- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- महापौर ने पेश किया 1800 करोड़ का...
Jabalpur News: महापौर ने पेश किया 1800 करोड़ का बजट, नहीं बढ़ेगा टैक्स

- आगामी कार्यकाल में होंगे 3000 करोड़ के विकास कार्य
- 1000 करोड़ से होगा नई सीवर लाइन का काम
- री-डेन्सिफिकेशन से होंगे 500 करोड़ के विकास कार्य
Jabalpur News: नगर निगम सदन में शुक्रवार को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने वर्ष 2025-26 के लिए 1800 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यकाल में शहर में 3000 करोड़ रुपए के काम कराए जाएंगे। इस बजट में 1000 करोड़ रुपए से नई सीवर लाइन निर्माण का प्रावधान किया गया है। सीवर लाइन से 2 लाख घरों को जोड़ा जाएगा। री-डेन्सिफिकेशन स्कीम के तहत शहर में 500 करोड़ रुपए के काम कराए जाएंगे।
निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि 16 अप्रैल को सुबह 11 बजे से बजट पर चर्चा कराई जाएगी। महापौर ने कहा कि जबलपुर को महानगर बनाने के लिए विकासोन्मुखी बजट पेश किया गया है। इस वर्ष का बजट नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार दिलाने, क्रिकेट प्रेमियों, खिलाड़ियों और कलाकारों के साथ-साथ शहर के नागरिकों को राहत प्रदान करने वाला है। निगमाध्यक्ष श्री विज ने कहा कि इस बजट से जबलपुर तेजी से महानगर बनने की ओर अग्रसर होगा। बजट में टैक्स वृद्धि नहीं की गई है। इससे आम जनता को राहत मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के काम में आएगी तेजी
महापौर ने कहा कि जबलपुर में भी देश-विदेश के खिलाड़ी क्रिकेट खेलने आएं, इसके लिए शहर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के काम में तेजी लाई जाएगी। इसका लाभ शहर के खिलाड़ियों के साथ अन्य खेल प्रेमियों को भी मिलेगा।
हर घर पहुंचेगा नर्मदा जल
शहर में 312 करोड़ की लागत से अमृत-2 योजना शुरू कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत हर घर में नर्मदा जल पहुंचाया जाएगा।
50 स्कूल भवनों का होगा पुनर्निर्माण
बजट में 50 स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण का प्रावधान किया गया है। शहर में अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल का भी निर्माण कराया जाएगा। इनकी डीपीआर तैयार की जा चुकी है। इसके साथ ही 10 श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
10 करोड़ की लागत से बन रही गौशाला
शहर के वार्ड क्रमांक-79 के उमरिया ग्राम में 10 करोड़ रुपए की लागत से गौशाला का निर्माण शुरू कर दिया गया है। 100 एकड़ में फैली इस गौशाला में वर्तमान में एक हजार से अधिक गौवंश रखने की क्षमता है, जिसे बढ़ाकर 3 हजार तक किया जाएगा।
एक्यूआई में मिला देश में दूसरा स्थान|
महापौर श्री अन्नू ने बताया कि एक्यूआई में शहर को देश में दूसरा और प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इसके लिए नगर निगम को 1 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला है। इस साल एक्यूआई मद से लगभग 74 करोड़ रुपए मिलने की उम्मीद है।
शहर में लगाए जाएंगे 12 लाख पौधे
बजट में जानकारी दी गई कि चालू वित्तीय वर्ष में शहर में मई और जून के बीच 12 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शहर में बीजारोपण के साथ ही वॉटर हार्वेस्टिंग का भी काम किया जाएगा।
500 डेली नीड्स की दुकानों से सृजित
होंगे एक हजार रोजगार|महापौर ने बजट भाषण में कहा कि शहर में 500 से अधिक दुग्ध डेयरी और डेली नीड्स की दुकानें खोली जा रही हैं। इससे एक हजार रोजगार सृजित होंगे।
जलसंकट और जलप्लावन रोकने 400 करोड़ के काम होंगे |
शहर में जलसंकट और जलप्लावन रोकने के लिए 400 करोड़ रुपए के काम कराए जाएंगे। इससे शहर में बेहतर व्यवस्थाएं होंगी।
200 करोड़ की लागत से लगेगा बायो गैस प्लांट
महापौर ने बताया कि सिटीज 2.0 योजना के अंतर्गत शहर में 200 करोड़ की लागत बायो गैस प्लांट लगाया जाएगा। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द
बजट में बताया गया कि शहर में जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे प्रदूषण में कमी आएगी। महापौर ने बताया कि शहर में रेलवे भूमि पर आदि शंकराचार्य चौक से गौरीघाट तक जल्द ही सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा।
12.5 करोड़ से 6 तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार
महापौर ने बताया कि 12.5 करोड़ की लागत से शहर के 6 तालाबों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही शहर के 10 और तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
1200 करोड़ रुपए से कराए विकास कार्य
महापौर श्री अन्नू ने कहा कि अभी तक के उनके कार्यकाल में 1200 करोड़ रुपए से विकास कार्य कराए गए हैं। इसमें 427 करोड़ रुपए से सड़क, नाली और पुलिया, 65 करोड़ 30 लाख रुपए से उद्यानों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा जलापूर्ति के लिए नई पाइप लाइन का विस्तार, नलकूप खनन और मोटर पंप की स्थापना कराई गई है। साफ-सफाई के लिए नई मशीनें खरीदी गई हैं।
इन कामों पर भी होगा फोकस
वाॅटर हार्वेस्टिंग के लिए किया जाएगा काम
रामायण थीम पर आधारित पार्क का निर्माण जल्द
30 करोड़ रुपए की लागत से तेवर में बनेगा वर्किंग वुमेन हॉस्टल
रानीताल तालाब के पास बनेगा ऑक्सीजन पार्क
श्रीनाथ की तलैया में बनाई जाएगी 25 भोग मां नर्मदा प्रसादम चौपाटी
सिविक सेन्टर में जल्द बनेगा भारत माता का मंदिर
महापौर कप टूर्नामेंट के माध्यम से खेल प्रतियोगिताएं
महापौर हेल्पलाइन के जरिए 5764 शिकायतों का निराकरण
पार्षद मद से प्रत्येक वार्डों में 90-90 लाख के काम
शहर के बाहर बनाया जाएगा स्लाटर हाउस
नगर निगम लगाएगा सोलर प्लांट
शहर में बनाए जाएंगे हाॅकर्स जोन
नगर निगम के मार्केटों में लाई जाएगी एकरूपता
Created On :   29 March 2025 1:27 PM IST