Jabalpur News: पुष्य नक्षत्र पर दमका बाजार, हुई धनवर्षा

पुष्य नक्षत्र पर दमका बाजार, हुई धनवर्षा
  • शुभ मुहूर्त पर सराफा, ऑटोमोबाइल व प्राॅपर्टी सेक्टर में जमकर हुई खरीदी
  • आचार्यों के अनुसार पुष्य नक्षत्र जीवन में स्थिरता और समृद्धि लाता है
  • जानकारों ने पुष्य नक्षत्र पर शहर में 80 से 90 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान व्यक्त किया है।

Jabalpur News: पुष्य नक्षत्र पर शहर के सभी बाजार गुलजार रहे। दीपावली से पहले आए गुरु पुष्य योग के साथ सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग के दुर्लभ संयोग में लोगों ने जमकर खरीददारी की। जानकारों के अनुसर शुभ मुहूर्त पर बाइक, स्कूटी और कार की सबसे ज्यादा खरीददारी हुई। वहीं व्यापारियों ने बही खातों आदि की भी खरीददारी की। रियल एस्टेट, ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सराफा एवं कपड़ा सेक्टर में अच्छा कारोबार हुआ। ग्राहकों को आकर्षित करने हेतु कंपनियों ने भी विशेष ऑफर दिए। जानकारों ने पुष्य नक्षत्र पर शहर में 80 से 90 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान व्यक्त किया है। आचार्यों के अनुसार पुष्य नक्षत्र जीवन में स्थिरता और समृद्धि लाता है और इसमें जो भी शुभ काम किए जाते हैं वे मंगलकारी होते हैं।

सराफा बाजार

सराफा बाजार में सुबह से ही चहल पहल रही। आम दिनों में जहाँ सराफा बाजार में सात से आठ करोड़ रुपए का कारोबार होता था। वहीं पुष्य नक्षत्र योग पर 15 से 18 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। लोगों ने नई डिजाइनर ज्वैलरी, पूजन के लिए सोने-चाँदी के सिक्के एवं मूर्तियाँ खरीदीं।

ऑटो मोबाइल सेक्टर

ऑटो मोबाइल सेक्टर में भी विशेष मुहूर्त पर जमकर खरीदी हुई। स्कूटी, बाइक, कार के साथ ट्रकों एवं माल वाहक वाहनों की भी खरीदी की गई। ऑटो मोबाइल सेक्टर में 12 से 15 करोड़ रुपए की खरीदी का अनुमान लगाया गया है। विशेष मुहूर्त पर लोगों ने ऑफर का लाभ भी उठाया।

प्राॅपर्टी सेक्टर

पुष्य नक्षत्र पर प्लाॅट्स व मकानों की जमकर बुकिंग हुई। 18 से 20 करोड़ रुपए की खरीदी का अनुमान लगाया गया है। प्रतिदिन 160 से 170 रजिस्ट्रियाँ होती हैं। इस हिसाब से इस सेक्टर में भी जमकर तेजी देखी गई। कारोबारियों का मनाना है कि धनतेरस तक इस सेक्टर में और भी तेजी आएगी। बिल्डर्स ने भी लोगों को लुभावने ऑफर दिए हैं।

बर्तन सेक्टर

बर्तन सेक्टर में करीब एक करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस पर 5 से 6 करोड़ रुपए का कारोबार होता है। पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने बर्तनों के साथ गैस चूल्हा, कुकर सहित अन्य बर्तन खरीदे।

इलेक्ट्राॅनिक

पुष्य नक्षत्र पर इलेक्ट्राॅनिक सेक्टर में भी जमकर खरीदी हुई। 8 से 10 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्राॅनिक सामग्रियाँ भी लोगों ने खरीदीं।

फर्नीचर

दीपावली के पूर्व फर्नीचर कारोबार में भी जमकर उछाल आया। पुष्य नक्षत्र पर 5 से 6 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान लगाया गया है।

Created On :   25 Oct 2024 12:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story