Jabalpur News: शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पटरी से उतरी

शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पटरी से उतरी
  • शहर के 79 वार्डों में 400 कचरा गाड़ियों की जरूरत, सिर्फ 290 से उठ रहा कचरा
  • दो माह पहले ठेका कंपनी के कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम बंद कर दिया है।
  • नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 290 कचरा गाड़ियाँ चलाई जा रही हैं।

Jabalpur News: शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर के 79 वार्डों में कचरा उठाने के लिए 400 गाड़ियों की जरूरत है। वर्तमान में 290 गाड़ियों से ही कचरा उठाया जा रहा है। इसके कारण कई क्षेत्रों में कचरा गाड़ियाँ नहीं पहुँच पा रही हैं। कई जगह सही समय पर कचरा गाड़ी नहीं पहुँच रही है। सड़कों के किनारे जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि दो माह पहले ठेका कंपनी के कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम बंद कर दिया है। इसके बाद से नगर निगम की ओर से लगातार दावा किया जा रहा है कि कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त हो गई है, लेकिन हकीकत यह है कि शहर के कई वार्डों में कचरा गाड़ी नहीं पहुँच पा रही है।

कई वार्डों में तीन से चार दिन में एक बार कचरा गाड़ी पहुँच रही है। कुछ वार्डों में कचरा गाड़ी दोपहर बाद पहुँच रही है। इसके कारण लोगों को सड़क पर कचरा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

शहर से रोज निकलता है 575 टन कचरा

शहर से रोजाना 575 टन कचरा निकलता है। नगर निगम की ओर से दावा किया जा रहा है कि 290 गाड़ियों से 500 टन कचरा उठाकर कठौंदा प्लांट पहुँचाया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि 290 गाड़ियों से रोजाना 500 टन कचरा उठ पाना संभव ही नहीं। नगर निगम के कर्मचारी कचरे का वजन बढ़ाने के लिए मलबा मिलाकर तुलाई करा रहे हैं। इसकी जाँच कराई जानी चाहिए।

कई जगह लगे कचरे के ढेर, फैल रहीं बीमारियाँ

शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। मदार टेकरी, सिविक सेन्टर जेडीए ऑफिस के सामने, बेलबाग, काँचघर, रांझी, इंदिरा मार्केट और रामपुर में लोग सड़कों पर कचरा फेंक रहे हैं। इसके कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियाँ फैल रही हैं। इसके बाद भी निगम के अधिकारियों की आँखें नहीं खुल रहीं।

कई वार्डों में आधी कर दी कचरा गाड़ियों की संख्या

पार्षदों का कहना है कि पहले उनके वार्डों में औसत 5 से 6 कचरा गाड़ियाँ चला करती थीं। पिछले दो महीने से कचरा गाड़ियों की संख्या घटाकर 2 से 3 कर दी गई है। इसके कारण सभी क्षेत्रों में गाड़ियाँ नहीं पहुँच पा रही हैं। कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहाँ पर तीन से चार दिन में कचरा गाड़ियाँ पहुँच रही हैं।

नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 290 कचरा गाड़ियाँ चलाई जा रही हैं। वर्तमान में औसत 500 टन कचरा उठाया जा रहा है। जल्द ही कचरा गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

-संदीप जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम

Created On :   26 Sept 2024 1:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story