jabalpur News: धू-धूकर जली होलिका, धुरेड़ी पर आज बिखरेंगे खुशियों के रंग

धू-धूकर जली होलिका, धुरेड़ी पर आज बिखरेंगे खुशियों के रंग
मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन के साथ फूलों की होली खेली जाएगी

jabalpur News । होलिका दहन का पर्व गुरुवार को शहर भर में उत्साह के साथ मनाया गया। गलियों, कॉलोनियों सहित मुख्य मार्गों में होलिका दहन िकया गया। कहीं लकड़ी से तो कहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कंडे से होलिका की प्रतिमा जलाई गई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। फागों के साथ गीत-संगीत के भी कार्यक्रम आयोजित िकए गए। आज शुक्रवार को धुरेड़ी पर रंग और गुलाल से होली खेली जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक आयोजन एवं होली मिलन कार्यक्रम भी होंगे।मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन के साथ फूलों की होली खेली जाएगीमंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन के साथ फूलों की होली खेली जाएगी।

रंग-अबीर से हुए सराबोर हुए बंगभाषी

होली के एक दिन पूर्व पूर्णिमा की रात्रि में मनाए जाने वाला बसंत उत्सव सिटी बंगाली क्लब में गुरुवार की रात धूमधाम से मनाया गया। सत्यनारायण की पूजा के बाद पारंपरिक तरीके से होलिका दहन किया गया। इसके पश्चात बंगभाषी कलाकारों ने हिंदी और बांग्ला गाने प्रस्तुत किए। महिलाएं पीले रंग की साड़ी में रविंद्र नाथ ठाकुर द्वारा रचित बसंत उत्सव के गीत पर नाच रही थीं। महिलाओं ने टेसू के फूल से बने बेनी सिर पर लगा रखी थी। नाचते हुए महिलाएं एक-दूसरे को गुलाल और अबीर लगा रही थीं। इस अवसर पर अध्यक्ष सुब्रत पाल उपाध्यक्ष डीके रॉय, सचिव प्रकाश साहा, सुरजीत गुहा, अनुराग पाल, आशीष घोष, आरएन दत्ता, आशीष सेन, शेखर डे, निलाद्रि चटर्जी आदि उपस्थित रहे।

इस्कॉन मंदिर में मनाया जाएगा होली महोत्सव

लम्हेटा घाट रोड स्थित इस्कॉन मंदिर में आज होली महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीश्री राधा रमण का पुष्पों से अभिषेक किया जाएगा एवं भक्त संकीर्तन करते हुए पुष्पों की होली खेलेंगे। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा। इस दौरान भगवान का 108 दिव्य द्रव्यों से महा अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 108 तरह के फूलों से पुष्प अभिषेक होगा। इस्कॉन के भक्तों द्वारा श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु के जीवन पर आधारित नाटिका की प्रस्तुति भी होगी।

मासूम बच्चों संग मनाया रंगोत्सव

कमला नेहरू वार्ड स्थित आदिवासी बहुल बस्ती भूलन के छोटे-छोटे मासूम बच्चों के साथ होली मनाकर रंगोत्सव को खुशनुमा बनाया गया। इस अवसर पर संस्कार निर्माण परिषद के अध्यक्ष डॉ. एच.पी. तिवारी ने कहा कि ये अबोध बच्चे कच्ची मिट्टी के समान हैं, जिन्हें कोई भी आकार दिया जा सकता है।

गाय के कंडे से जलाई होलिका

एड. जमुना प्रसाद अग्रवाल चौक, गोलबाजार में क्षेत्रीय लोगों ने गाय के कंडों से होलिका दहन िकया। इसके बाद एक दूसरों को रंग गुलाल लगाया। इस अवसर रिटायर्ड हाईकोर्ट जज एसएस झा, संघ प्रचारक शिवराम समदरिया, प्रान्त प्रचारक बृजकांत, आनंद, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं श्री राम मानस महिला मण्डल, संजीवनी नगर द्वारा सजीव कृष्ण के साथ फूलों की होली खेली गई। इस दौरान मण्डल अध्यक्ष संध्या दुबे, सुमन राय, कल्पना तिवारी, अजय गढ़वाल, ममता, अनीता नामदेव, साधना पांडे, सरोज आदि उपस्थित रहीं।

फूलों से खेली होली

खेरमाई मंदिर कृपाल चौक पर जहां बुंदेली फाग की धूम मची तो वहीं फूलों से होली भी खेली गई। समिति के डेलन सिंह, नर्बदा त्रिपाठी, संतोष कहार, सूरज सिंह का सहयोग रहा।

Created On :   13 March 2025 11:25 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story