जबलपुर: टारगेट के नजदीक बिजली कंपनी की राजस्व वसूली

टारगेट के नजदीक बिजली कंपनी की राजस्व वसूली
  • मार्च क्लोजिंग से पहले जमा कराई जानी है बिल की बकाया राशि
  • एचटी लाइन के 20 करोड़ एवं एलटी लाइन के 38 करोड़ की वसूली की गई है।
  • फील्ड अधिकारियों को बिल की बकाया राशि 31 मार्च से पहले वसूलनी है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत सिटी सर्किल जबलपुर के बकायादारों से वसूली के लिए अधिकारियों को टारगेट दिए गए हैं। फील्ड अधिकारियों को मार्च माह के पूर्व बकाया राशि को जमा कराया जाना है।

जानकारी के अनुसार सिटी सर्किल में करीब 67 करोड़ की वसूली का टारगेट अधिकारियों को दिया गया है। सर्किल के अंतर्गत करीब 55 करोड़ की डिमांड थी इसके मुकाबले करीब 58 करोड़ की वसूली अधिकारियों द्वारा की जा चुकी है।

इसमें एचटी लाइन के 20 करोड़ एवं एलटी लाइन के 38 करोड़ की वसूली की गई है। इस प्रकार अभी टारगेट के मुकाबले करीब 9 करोड़ की और वसूली की जानी है। बताया जाता है कि फील्ड अधिकारियों को बिल की बकाया राशि 31 मार्च से पहले वसूलनी है।

इसके लिए पूरा अमला जुटा हुआ है। बिल वसूली के लिए सभी अधिकारियों को अलग-अलग टारगेट दिया गया है। वसूली अधिकारियों द्वारा छुट्टी के दिनों को छोड़ कर बाकी दिनों में बड़े बकायादारों से वसूली की जानी है।

डिमांड राशि उपभोक्ताओं द्वारा गत माह जलाई गई बिजली बिल की राशि होती है जबकि टारगेट में पुरानी बकाया राशि भी जुड़ी होती है।

सबसे अधिक वसूली दक्षिण संभाग में{बताया जाता है कि सिटी सर्किल के पाँच संभागों में से सबसे अधिक वसूली दक्षिण संभाग से की गई है, जबकि सबसे कम पूर्व संभाग से है। बताया जाता है कि पाँच संभागों में से दक्षिण संभाग से 9.6 करोड़ रुपए, पश्चिम संभाग से 9.1 करोड़ रुपए, उत्तर संभाग से 7.8 करोड़ रुपए, विजय नगर संभाग से 7.4 करोड़ रुपए तथा पूर्व संभाग से करीब 5 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली अधिकारियों द्वारा की गई है।

बताया जाता है कि एचटी लाइन से 19.63 करोड़ रुपए की डिमांड की गई थी जिसमें 19.91 करोड़ की वसूली हो गई है।

बिजली बिल की राजस्व वसूली के लिए इस बार सख्ती नहीं की जा रही है। उपभोक्ताओं को केवल फोन कॉलिंग करके बिल एवं बकाया राशि को जमा करने के लिए आग्रह किया जा रहा है। लोगों द्वारा सहयोग किया जा रहा है। इसी तरह सरकारी बिल बकाया राशि जमा करने में भी सभी विभाग सहयोग कर रहे हैं।

-संजय अरोरा, अधीक्षण यंत्री सिटी सर्किल

Created On :   28 March 2024 10:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story