- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सिविक सेंटर के नालों में भरा मलबा...
जबलपुर: सिविक सेंटर के नालों में भरा मलबा और पॉलीथिन, दुर्गंध से खड़े होना भी मुश्किल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।
शहर के हृदय स्थल सिविक सेंटर के चारों तरफ के नाले मलबे और पॉलीथिन से अटे पड़े हैं। नालों के मलबे से इतनी बदबू फैल रही है कि यहाँ पर पाँच मिनट खड़े होना मुश्किल हो रहा है। यह स्थिति लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने से बनी है। लगातार शिकायत के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सिविक सेंटर में पार्क, चौपाटी और व्यावसायिक स्थल होने के कारण यहाँ पर रोजाना स्थानीय और बाहरी लोग बड़ी संख्या में आते हैं। लोग उम्मीद करते हैं कि सिविक सेन्टर साफ सुथरा होगा, ताकि यहाँ पर वे कुछ वक्त गुजार सकें। क्षेत्रीय व्यापारियों का कहना है कि सिविक सेन्टर के चारों तरफ स्थित नालों में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई है। इनमें मलबा और पॉलीथिन भरी पड़ी है। नालों का मलबा इतना बदबू कर रहा है कि यहाँ पर पाँच मिनट भी खड़े होना मुश्किल हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि नालों की साफ-सफाई करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को कई बार पत्र दिया जा चुका है। इसके बाद भी साफ-सफाई का काम नहीं किया जा रहा। व्यापारियों का यह भी कहना है कि जब सिविक सेन्टर जैसे महत्वपूर्ण स्थल पर सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, तो शहर के दूसरे स्थानों का भगवान ही मालिक है।
कागजों पर दर्ज हो रही उपस्थिति
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नगर निगम ने सिविक सेंटर की सफाई के लिए कागजों पर एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों की तैनाती कर रखी है, लेकिन यहाँ पर एक या दो सफाई कर्मी ही नजर आते हैं। शेष कर्मचारियों की फर्जी उपस्थिति दर्ज की जा रही है। इसके कारण सिविक सेंटर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी कभी भी सिविक सेंटर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण नहीं करते। इससे नागरिकों में नगर निगम की छवि खराब हो रही है।
डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा
उल्लेखनीय है कि शहर में इस समय डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की बीमारी फैल रही है। सिविक सेंटर के नालों की गंदगी से बड़े पैमाने पर मच्छर पनप रहे हैं। यहाँ आने वाले लोगों को मच्छरों के काटने से गंभीर बीमारियाँ हो सकती हैं। इसके बाद भी सिविक सेंटर की साफ-सफाई नहीं की जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम पूरे शहर में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने का दावा कर रहा है, लेकिन अभी तक सिविक सेंटर में नगर निगम की एक भी टीम नहीं पहुँची।
सिविक सेंटर में नियमित रूप से साफ-सफाई का काम कराया जाता है। सिविक सेंटर में नालों की सफाई का काम जल्द ही कराया जाएगा।
-भूपेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
Created On :   10 Oct 2023 1:51 PM IST