- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जंजीर का फंदा बनाकर आरक्षक ने की...
जंजीर का फंदा बनाकर आरक्षक ने की खुदकुशी

डिजिटल डेस्क जबलपुर। राँझी स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाले एक 25 वर्षीय आरक्षक ने रविवार की रात 3 बजे के करीब लोहे की जंजीर का फंदा बनाकर फाँसी लगा ली। उसे फंदे पर झूलता देख परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी लगने पर राँझी पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने जाँच पड़ताल शुरू कर दी है।
राँझी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राँझी पेट्रोल पंप के पास रहने वाला सचिन कनौजिया उम्र 25 वर्ष अपनी माँ और भाई के साथ रहता था। उसके पिता विनोद कनौजिया पुलिस में पदस्थ थे। उनकी मृत्यु हो जाने के बाद सचिन को उनकी जगह अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्तमान में वह पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ था। रविवार को सचिन घर से कहीं घूमने के लिए गया था। रात में वापस लौटकर वह मकान के प्रथम तल पर स्थित अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। रात 3 बजे के करीब आहट होने पर परिजनों ने सचिन के कमरे में झाँककर देखा तो वह लोहे की जंजीर का फंदा बनाकर उसमें लटका हुआ था। परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से निकाला और इलाज के लिए राँझी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा। आरक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता लगाने पुलिस जाँच में जुटी है।
Created On :   1 April 2024 10:53 PM IST