हादसा: नशे में धुत चालक ने घर के सामने कपड़े धो रही महिला पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर

नशे में धुत चालक ने घर के सामने कपड़े धो रही महिला पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर
  • ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे एक घर में जा घुसी
  • पास खेल रही दो बालिकाएं बाल-बाल बची
  • आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, आमगांव (गोंदिया)। स्थानीय नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले ग्राम किड़गीपार में मंगलवार, 21 मई को सुबह करीब 11 बजे के दौरान अनियंत्रित धान से भरी ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे एक घर में जा घुसी। जिसकी चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि घटनास्थल पर खेल रही दो बालिकाएं बाल-बाल बची है। इस मामले में आमगंाव पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।

मृतक महिला का नाम ग्राम किड़गीपार निवासी किशनाबाई बुधराम चोरवाडे(58) तथा आरोपी का नाम स्थानीय निवासी संदीप कोरे है। बताया जाता है कि घटना के समय किशनाबाई अपने घर में कपड़े धो रही थी। तभी ट्रैक्टर क्र. एमएच-35/जी-1637 के बिना नंबर की ट्राली में चालक संदीप कोरे खेत से धान का माल भरकर ले जा रहा था, जो शराब के नशे में धुत था। ट्रैक्टर ट्राली को तेज गति में ले जाते हुए उसका वाहन से नियंत्रण छूटने से बेकाबू ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे घर में जा घुसी, जो कपड़े धो रही किशनाबाई के ऊपर चढ़ गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल किशनाबाई की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं घटनास्थल पर खेल रही उनकी दो पोतियां बाल-बाल बची है। घटना की जानकारी मिलते ही आमगांव पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का पंचनामा किया। इस मामले मेंं आरोपी ट्रैक्टर चालक ग्राम किड़गीपार निवासी संदीप कोरे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आगे की जांच शुरू है। विशेष है कि ट्रैक्टर क्र. एमएच-35/जी-1637 की नई ट्राली जो बिना नंबर की थी और उसकी आरटीओ द्वारा पासिंग नहीं कराई गई थी। इस मामले में आगे की जांच शुरू है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मृत्यु

अड्याल (भंडारा) में सड़क से पैदल जा रहे एक वृद्ध को अज्ञात वाहन की टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल वृध्द व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक का नाम अड्याल के मंडईपेठ निवासी श्रीहरि गंगाधर विनकने(62) बताया गया है। यह दुर्घटना अड्याल ग्राम के पास 20 मई को घटी। इस मामले में अड्याल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका गोदमले कर रही हंै।

Created On :   22 May 2024 11:26 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story