विदर्भ दौरा: 15 साल बाद राज ठाकरे गड़चिरोली पहुंचे आधा घंटा कार्यकर्ताओं से बात कर चलते बने

15 साल बाद राज ठाकरे गड़चिरोली पहुंचे आधा घंटा कार्यकर्ताओं से बात कर चलते बने
  • निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार
  • पद से हटाने की दी चेतावनी
  • राज ठाकरे इन दिनों विदर्भ दौरे पर

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। वर्ष 2009 के बाद करीब 15 वर्ष के बाद गुरुवार 22 अगस्त को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे गड़चिरोली पहुंचे। ठाकरे का निर्धारित कार्यक्रम सुबह 11 बजे का था लेकिन वे 12.30 बजे पहुंचे। जहां शहर के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने मात्र आधा घंटा बातचीत करते हुए कार्यकर्ताओं में जान फूंकने का प्रयास किया। साथ ही निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की चेतावनी भी दे डाली। अब इस आधे घंटे के संवाद में जिले में मनसे कैसी मजबूत बनेगी यह चर्चा कार्यकर्ताओं के बीच चल रही है।

उल्लेखनीय यह है कि, मनसे की गड़चिरोली शाखा में कार्यरत पदाधिकारी अब तक किसी भी समय सक्रिय नहीं दिखायी दिये थे। लेकिन 15 वर्ष बाद पार्टी के हाईकमान गड़चिरोली में दाखिल होते ही शहर में बैनर, पाेस्टर्स और उनके जोरदार स्वागत करने से यह विषय भी दिनभर चर्चाओं में छाया रहा। बता दें कि, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मनसे को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य को लेकर राज ठाकरे इन दिनों विदर्भ दौरे पर हैं। बुधवार को गोंदिया जिले के दौरे के बाद वे गुरुवार की दोपहर 12.30 बजे गड़चिराेली पहुंचे। शहर के सर्किट हाउस में पहले से ही कार्यकर्ता बैठक का नियोजन पूर्ण कर लिया गया था। उनके सर्किट हाउस में पहुंचते ही उन्होंने मनसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। इस समय उन्होंने निष्क्रिय पदाधिकारियों को पद से हटाने की चेतावनी भी दी।

गड़चिरोली जिले की समस्याओं को लेकर यदि कोई कार्यकर्ता निष्ठा से कार्य नहीं कर रहा है, तो उसे मनसे में रहने का कोई अधिकार नहीं है। पार्टी में बने रहने के लिए पहले स्थानीय लोगों की समस्याओं का निवारण करने का प्रयास करें। ऐसा उपदेश भी उन्होंने इस समय कार्यकर्ताओं को दिया। लोगों की समस्याओं को समझने वाले और उनका निवारण करने वाले कार्यकर्ताओं को मनसे में स्थान दिया जाएगा। बैठक में उनके पुत्र अमित ठाकरे, मनसे नेता अनिल शिदोरे, प्रवक्ता व पार्टी निरीक्षक गजानन काले, राज्य उपाध्यक्ष रतनसिंह गुलाटी उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं से अधिक आम लोगों की भीड़ : गुरुवार को मनसे अध्यक्ष ठाकरे को सुबह से ही देखने के लिए शहर के इंदिरा गांधी चाैक में आम लोगों की भीड़ हो गई। उनका आगमन होती है मनसे कार्यकर्ताओं से अधिक यहां आम लोगों की भीड़ दिखायी दी। लोगों ने राज ठाकरे का बड़े ही जोश-खरोश के साथ स्वागत किया।

Created On :   23 Aug 2024 6:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story