दहशत: सी-60 दल की कार्रवाई से बौखलाए नक्सलियों ने आत्मसमर्पित की कर दी हत्या

सी-60 दल की कार्रवाई से बौखलाए नक्सलियों ने आत्मसमर्पित की कर दी हत्या
  • नक्सल सप्ताह के दो दिन पूर्व ही ग्रामीणों में दहशत फैलाने का प्रयास
  • भामरागढ़ तहसील के आरेवाड़ा में दिया वारदात को अंजाम
  • भामरागढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज किया

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। एटापल्ली तहसील के जारावंडी स्थित वांडोली जंगल परिसर में 17 जुलाई को सी-60 जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया था। इस कार्रवाई से बौखलाए नक्सलियों ने शुक्रवार को छत्तीसगड़ सीमा पर स्थित भामरागड़ तहसील आरेवाड़ा गांव में एक आत्मसमर्पित नक्सली को पुलिस का खबरी समझकर गोलियां दागकर हत्या कर दी। मृतक का नाम भामरागड़ तहसील के आरेवाड़ा निवासी जयराम कोमटी गावड़े (40) है। इस हत्या के मामले में भामरागढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार रविवार, 28 जुलाई से नक्सलियों का सप्ताह शुरु होने वाला है। इससे पूर्व जिले के ग्रामीणों में दहशत फैलाने के लिए शुक्रवार को इस हिंसक घटना को नक्सलियों ने अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयराम कोमटी और उसकी पत्नी देवे झुरु पुंगाटी वर्ष 2007 से भामरागड़ दलम में सदस्य के तौर पर नक्सलियों के लिए कार्य कर रहे थे। नक्सलियों के हिंसक आंदोलन से त्रस्त होकर दोनों ने 7 जुलाई 2017 को आत्मसमर्पण किया था।

हिंसा का मार्ग छोड़कर स्वयं की प्रगति का मार्ग स्वीकार किया था। एटापल्ली तहसील के जारावंडी स्थित वांडोली जंगल परिसर में 17 जुलाई 2024 को पुलिस और नक्सलियों बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें पुलिस विभाग के सी-60 दल ने 12 नक्सलियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी व दो जवान भी घायल हुआ था। इस घटना से बौखलाकर नक्सलियों ने जयराम गावडे को पुलिस का खबरी समझकर गोलियां दागकर उसकी हत्या कर दी। इस हत्या के मामले में भामरागढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिस विभाग की ओर से शुरू है। भामरागड़ परिसर में नक्सलविरोधी अभियान अधिक तीव्र किए जाने की जानकारी पुलिस विभाग ने दी है।

न पुलिस विभाग हुआ सतर्क : गड़चिरोली जिले में रविवार, 28 जुलाई से नक्सली सप्ताह मनाया जानेवाला है। इस सप्ताह को सफल बनाने और ग्रामीणों में दहशत निर्माण कराने के इरादे से नक्सलियों ने नक्सली सप्ताह के दो दिन पूर्व शुक्रवार, 26 जुलाई को आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या कर घटना को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस जवानों पर हमला करना, सरकारी सामग्री का नुकसान करना, सड़क बंद करना, पर्चे डालाना आदि कार्य नक्सलियों द्वारा किए जाते हैं। नक्सली सप्ताह से पूर्व ही आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या होने से पुलिस विभाग सतर्क हो गया हैै।

Created On :   27 July 2024 10:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story