Gadchiroli News: रात में ठंड, दिन गर्म, मरीजों की संख्या बढ़ी, सरकारी अस्पतालों की ओपीडी फुल

रात में ठंड, दिन गर्म, मरीजों की संख्या बढ़ी, सरकारी अस्पतालों की ओपीडी फुल
  • विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें लेकर पहुंच रहे मरीज
  • बुखार, सर्दी, खांसी और दस्त जैसी शिकायतें

Gadchiroli News महाशिवरात्रि के पूर्व ही अचानक गर्मी बढ़ने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर होने लगा है। सुबह और शाम के समय ही ठंड महसूस की जा रही है। जबकि सुबह 10 बजे के बाद से ही लोगों को गर्मी सताने लगी है जिसके कारण जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें लेकर मरीज पहुंचने लगे हैं। अस्पतालों की ओपीडी मरीजों की भीड़ से अब हाउसफुल होने लगी है। अधिकांश व्यक्तियों में बुखार, सर्दी, खांसी और दस्त जैसी शिकायत पायी जा रही है। सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों में भी मरीज देखे जा रहे हैं।

बता दें कि, आमतौर पर महाशिवरात्रि के पर्व के बाद गर्मी महसूस की जाती है। लेकिन इस वर्ष जनवरी माह के आखिरी दिनों में ही लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस गर्मी के चलते रबी उत्पादक किसान भी संकट में आ गए हंै। वर्तमान में किसानों के खेत में धान समेत मिर्च, मका और विभिन्न प्रकार के सब्जियों की फसल लगाई गई है। शीतकाल की ठंडक इन फसलों के लिए काफी लाभदायी मानी जाती है।

मात्र वर्तमान में ठंड पूरी तरह गायब हो जाने से यह फसलें कुम्हलाने लगी है। किसानों को फसलों को संजीवनी देने के लिए अब सिंचाई की सुविधा करनी पड़ रहीं है। उधर अचानक मौसम में बदलाव होने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी विपरित असर हाेते दिखायी दे रहा है। गड़चिरोली के जिला अस्पताल समेत महिला व बाल अस्पताल और अन्य सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। निजी अस्पतालों का हाल भी मरीजों की संख्या से हाउसफुल देखा जा रहा है।


Created On :   30 Jan 2025 1:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story