Gadchiroli News: जंगल में रेकी कर रहे 8 लाख के इनामी 2 नक्सली गिरफ्तार

जंगल में रेकी कर रहे 8 लाख के इनामी 2 नक्सली गिरफ्तार
  • पकड़े गए नक्सलियों में एक महिला भी शामिल
  • दोनों नक्सलियों पर महाराष्ट्र सरकार ने रखा था इनाम

Gadchiroli News बुधवार, 5 मार्च को गड़चिरोली जिला पुलिस विभाग के जवानों को एक बड़ी सफलता हाथ आयी है। भामरागढ़ तहसील के आरेवाड़ा जंगल परिसर में रेकी कर रहे 2 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों नक्सलियों पर महाराष्ट्र सरकार ने कुल 8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार नक्सलियों में छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर जिले के मुरकूम गांव निवासी कंपनी क्रमांक 10 का पीपीसीएम 6 लाख रुपए इनामी केलू पांडू मडकाम उर्फ दोडवा (26) और एटापल्ली तहसील के मंेढरी निवासी भामरागढ़ दलम की सदस्य 2 लाख इनामी रमा दोहे कोरचा उर्फ डूम्मी (32) शामिल हैं। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों को बुधवार देर शाम तक गड़चिरोली मुख्यालय लाया गया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार की सुबह भामरागढ़ पुलिस और सीआरपीएफ की 37 बटालियन के जवान आरेवाड़ा जंगल परिसर में नक्सल खोज अभियान पर तैनात थे। इस दौरान जंगल में रेकी कर रहे केलू और रमा संदेहास्पद स्थिति में जवानों को दिखायी दिये। जवानों ने तुरंत दोनों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ आरंभ की। पूछताछ के दौरान दोनों नक्सली संगठन से जुड़े होने की जानकारी सामने आयी जिसके कारण वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। हाल ही में गत 11 फरवरी को दिरंगी-फुलनार जंगल परिसर में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सी-60 दल का एक जवान शहीद हुए था। इस मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों नक्सलियों का सक्रिय सहभाग था।

गिरफ्तार नक्सली केलु मडकाम के खिलाफ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 5 संगीन अपराध दर्ज है। इसमें प्रमुखता से 4 मुठभेड़ और 1 आगजनी जैसे मामलों का समावेश है। वहीं 2 लाख रुपए इनामी रमा कोरचा के खिलाफ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 12 मामले दर्ज है। जिसमें 8 मुठभेड़ और 4 हत्या का समावेश है। कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान के विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील, गड़चिरोली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंकित गोयल, पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, सीआरपीएफ 37वीं बटालियन के कमांडंट दाओ इंजिरकान के मार्गदर्शन में भामरागढ़ पुलिस थाना के जवानों ने की। इस कार्रवाई से एक बार फिर नक्सल आंदोलन बैकफूट पर सीमटता नजर आ रहा है।


Created On :   6 March 2025 4:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story