Gadchiroli News: बेहोश मिली दिव्यांग, बेरहमी से पिटाई कर अत्याचार का प्रयास!, मामले की जांच शुरु

बेहोश मिली दिव्यांग, बेरहमी से पिटाई कर अत्याचार का प्रयास!, मामले की जांच शुरु
  • गंभीर अवस्था में अस्पताल में किया भर्ती
  • पुलिस ने शुरू की जांच

Gadchiroli News. राज्य में जहां महिला सुरक्षा का मुद्दा गरमाया हुआ है, वहीं जिले के चामोर्शी तहसील के एक गांव में चौकाने वाला मामला सामने आया है। शौच के लिए गई एक युवती को बेरहमी से पीटा गया और उसके साथ बलात्कार करने का प्रयास किया गया। युवती बेहोशी की हालत में पाई गई। उसकी आंख के नीचे काला निशान है और हाथ पर चोट है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए नागपुर भेज दिया गया। रविवार 2 मार्च की रात यह मामला उजागर होते ही गड़चिरोली पुलिस जांच में जुट गयी है। इस मामले के चलते गड़चिरोली व चामोर्शी तहसील में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चामोर्शी तहसील के एक गांव की 23 वर्षीय दिव्यांग युवती रविवार 2 मार्च की शाम 6 बजे गांव के पास ही खुले में शौच के लिए गई थी। जब वह एक घंटे बाद भी वापस नहीं लौटी तो उसके परिवार ने उसकी तलाश की और उसे शौच के लिए गई जगह से 20 मीटर की दूरी पर बेहोशी की हालत में पाया। हाथ पर चोट थी। इसके अलावा, आंखों के नीचे पत्थर या ईंट से चोट लगने के निशान भी थे। इस बीच ग्रामीणों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और फिर आगे के इलाज के लिए उसे नागपुर के एक सरकारी अस्पताल में भेज दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर गड़चिरोली पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे और उनकी टीम जिला अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल युवती का इलाज चल रहा है, इसलिए बयान दर्ज करने में देरी हो रही है और उसके बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। प्राथमिक रूप में युवती की पिटाई कर उसके साथ बलात्कार होने की आशंका पुलिस ने व्यक्त की है।

घटना के बाद गड़चिरोली पुलिस ने तेजी से जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती पर हमला करने वाले एक या उससे अधिक आरोपी थे। संदिग्धों से गहन पूछताछ चल रही है। पुलिस को संदेह है कि हमलावर गांव के ही हैं और उन्होंने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले की जांच जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के मार्गदर्शन में थानेदार सिंगनजुडे कर रहे हैं।



Created On :   4 March 2025 7:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story