बारिश से आफत: गड़चिरोली के पर्लकोटा में बाढ़, कई गांवों का संपर्क कटा,जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

  • सैकड़ों घरों में घुसा पानी
  • पर्लकोटा नदी छठवीं बार सीमा रेखा के पार पहुंची
  • मूलचेरा की दीना नदी भी उफान पर

डिजिटल डेस्क, गडचिरोली। मूसलाधार बारिश के कारण एक बार फिर जिले में बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गई है। भामरागढ़ तहसील में रिकार्ड तोड़ 164.5 मिमी बारिश दर्ज किये जाने से यहां की पर्लकोटा नदी लगातार छठवीं बार सीमा रेखा के बार पहुंच गयी है। नदी के पुल पर 10 फीट से अधिक पानी चढ़ जाने के कारण भामरागढ़-आलापल्ली महामार्ग का यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है। पर्लकोटा की इस बाढ़ के चलते तहसील के सैकड़ों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। वहीं बाढ़ का पानी अब भामरागढ़ शहर में घुसने लगा है। सैकड़ों घरों व दुकानों में जलजमाव की स्थिति निर्माण होने से स्थानीय प्रशासन द्वारा दर्जनों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वहीं मूलचेरा तहसील में भी अतिवृष्टि दर्ज की गयी। तहसील की दिना नदी में भी बाढ़ की स्थिति निर्माण होने से दर्जनों गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए यलो अलर्ट की घोषणा करने से जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने पहले ही सोमवार के लिए रेड अलर्ट की घोषणा की थी। इसी संभावना के तहत रविवार की रात से जिलेभर में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ। देखते ही देखते इस बारिश के कारण जिले का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सोमवार की सुबह से ही भामरागढ़ तहसील मुख्यालय से सटी पर्लकोटा नदी सीमा रेखा के बाहर पहुंच गयी। नदी के बाढ़ का पानी शहर में घुसने लगा। सैकड़ों घरों व दुकानों में यह पानी घुसने के कारण स्थानीय प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाकर बाढ़ग्रस्त लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस वर्ष बारिश के दिनों में लगातार 6 बार पर्लकोटा नदी में बाढ़ की स्थिति निर्माण हुई है। भामरागढ़ संवाददाता के अनुसार, वर्तमान में पर्लकोटा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है जिसके कारण स्थानीय लोगों से प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है। मूलचेरा तहसील में भी अतिवृष्टि दर्ज की गयी है। तहसील की दिना नदी सुबह से उफान पर है। इस परिसर के दर्जनों गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण दुर्गम क्षेत्र में बिजली समस्या भी निर्माण हुई है। रविवार की रात से भामरागढ़ तहसील मुख्यालय समेत आस-पास के गांवों की बत्ती पूरी तरह गुल होने की जानकारी मिली है। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे जिले में औसतन 47.2 मिमी बारिश दर्ज की है जिसमें सर्वाधिक भामरागढ़ तहसील में 164.5 मिमी बारिश के साथ गड़चिरोली में 42.8, धानोरा 44.6, देसाईगंज 15.5, आरमोरी 32, कुरखेड़ा 15.1, कोरची 1.7, चामोर्शी 20, मूलचेरा 43, अहेरी 69.5, सिरोंचा 48 और एटापल्ली तहसील में 69.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। मंगलवार और बुधवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट की घोषणा करते हुए मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। जिला प्रशासन ने संभावित बारिश को देखते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।


Created On :   10 Sept 2024 9:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story