Chandrapur News: खेत में मृत अवस्था में मिला तेंदुआ , बाघ के हमले में जान जाने का संदेह

खेत में मृत अवस्था में मिला तेंदुआ , बाघ के हमले में जान जाने का संदेह
  • गश्त कर रही वन विभाग की टीम की पड़ी नजर
  • विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा
  • रिपोर्ट के बाद ही ज्ञात हो सकेगा कारण

Chandrapur News सिंदेवाही वनपरिक्षेत्र के उपक्षेत्र नवरगंाव अंतर्गत नवरगांव 1 नियतक्षेत्र में गश्त कर रही वन विभाग की टीम को अंतरगांव के निजी गट क्र. 191 और 192 के बीच एक खेत के पास मृत तेंदुआ मिला है। इसकी जानकारी मिलते ही सिंदेवाही के वन परिक्षेत्र अधिकारी विशाल सालकर, वनकर्मियों और आरआरयू टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा किया।

घटनास्थल पर 3 से 4 वर्ष की एक मादा तेंदुआ मृत पाई गई है। मौके पर एक बाघ और तेंदुए के पगमार्क पाये जाने से बाघ के हमले में तेंदुए की मृत्यु होने का अनुमान जताया जा रहा है। मृत तेंदुए का विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही उसके मृत का वास्ताविक कारण ज्ञात हो सकेगा। तेंदुए के पीठ, गर्दन पर काटने के निशान और पंजों के जख्मों के आधार पर निष्कर्ष निकाला गया है कि बाघ के हमले में ही यह मृत्यु हुई है। इस घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। मृत तेंदुए का निरीक्षण किया, जिसमें उसके सभी अंग सुरक्षित होने की पुष्टि की गई। इस समय मौके पर ब्रह्मपुरी वनविभाग के सहायक वनसंरक्षक (प्रादेशिक व वन्यजीव) एम. बी. चोपडे, मानद वन्यजीव रक्षक विवेक करंबेकर एनजीओ स्वॉब नेचर केयर फाउंडेशन के यश कायरकर, पेटगांव के पशुधन विकास अधिकारी डॉ. बजरंग मुर्लीधर सावरे, और सिंदेवाही की पशुधन विकास अधिकारी डॉ. शालिनी लोंढे उपस्थित थे।

मृत तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित : मृत तेंदुआ और उसके आसपास की स्थिति का अवलोकन करने पर बाघ और तेंदुए के पगमार्क मिले है, इस आधार पर पशुचिकित्सक ने अनुमान लगाया कि दोनों की भिड़ंत में तेंदुए की मौत हई है। घटनास्थल की जांच के बाद सभी अधिकारियों ने इस मामले को शिकार से संबंधित नहीं होने की पुष्टि की। इसके बाद मौके पर पंचनामा किया गया और वन अपराध की रिपोर्ट दर्ज की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर, दोपहर 1 बजे मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम मध्यवर्ती काष्ट भंडार, सिंदेवाही में प्रारंभ किया गया। शवविच्छेदन की पूरी प्रक्रिया के बाद, सभी अधिकारियों और पंचों की उपस्थिति में मृत मादा तेंदुए को अंतिम संस्कार किया गया।

Created On :   25 Oct 2024 9:08 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story