- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- चंद्रपुर में तेंदुए व बाघ का आतंक, ...
Chandrapur News: चंद्रपुर में तेंदुए व बाघ का आतंक, हमले में चरवाहा गंभीर रूप से घायल

- मवेशियों को चराने के लिए गया था
- घात लगाकर बैठे बाघ ने किया हमला
- लगातार हमलों से भय का माहौल
Chandrapur News घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक चरवाहे पर हमला कर दिया। घटना मंगलवार को मूल तहसील के आकापुर में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल परिसर में हुई। घायल चरवाहे का नाम चांदली बुज निवासी वाघु नाकुजी कंकलवार (50) है। चरवाहे को गड़चिरोली के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, हमेशा की तरह चरवाहा अपनी भेड़ों को लेकर आकापुर गांव के पास महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल परिसर के जंगल में गया था। उसके साथ गांव के अन्य चरवाहे भी थे।
भेड़ों को चराते समय बाघ ने वाघु कंकलवार पर हमला कर दिया, साथ मौजूद अन्य चरवाहे चिल्लाने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया। लेकिन कंकलवार घायल हो गया। इसकी जानकारी सावली वन विभाग को दी गई। क्षेत्र सहायक लंकेश आखाडे ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और घायल चरवाहे को सावली के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज कर कंकलवार को आगे के इलाज के लिए गड़चिरोली के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। सावली के वनपरिक्षेत्राधिकारी विनोद धुर्वे के मार्गदर्शन में मामले की जांच चल रही है।
तेंदुए के हमले में बालिका घायल
रात में अपने पिता के साथ आंगन में खेल रही एक साल की बच्ची पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में बालिका घायल हो गई। घायल का नाम आयुध निर्माणी कालोनी भद्रावती निवासी तानिया नीलेश वाकडे (1) है। यह घटना 14 अक्टूबर की रात 9.30 बजे घटी है। घायल को चंद्रपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के टाइप वन सेक्टर वन क्वार्टर नंबर 24 बी में रहने वाले नीलेश वाकड़े रात में अपने क्वार्टर के आंगन में बैठे थे और उनकी बेटी तानिया पास में खेल रही थी।
पास की झाड़ियों में बैठे तेंदुए ने अचानक लड़की पर हमला कर कर दिया। पिता के चिल्लाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटना का पंचनामा किया। आगे की कार्रवाई भद्रावती वन परिक्षेत्र कार्यालय द्वारा की जा रही है। पिछले कई दिनों से तेंदुए ने कालोनी में आतंक मचा रखा था। इस घटना से साफ होता है कि तेंदुआ कालोनी के आस पास ही है इसलिए उसके बंदोबस्त की मांग कालोनीवासियों ने की है।
Created On :   16 Oct 2024 2:47 PM IST