महाराष्ट्र का वेडिंग विलेज: यहां नहीं देखते मुहूर्त, केवल 4,500 से 12,500 रुपए के पैकेज में हो जाती हैं शादियां

यहां नहीं देखते मुहूर्त, केवल 4,500 से 12,500 रुपए के पैकेज में हो जाती हैं शादियां
  • पंडित से फोटोग्राफर तक सब एक पैकेज में
  • 100 मेहमानों से 25 लोगों को मिलता है रोजगार
  • वकील से लेकर पुलिस सुरक्षा मौजूद

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर. महाराष्ट्र के पुणे जिले का आलंदी (देवाची आलंदी) कस्बा 3-4 साल से ‘वेडिंग विलेज’ बन गया है। शादियों के सीजन में यहां रोज करीब 1200 शादियां होती हैं। जबकि बाकी दिनों में भी रोज 250 से 300 शादियां होती हैं। यहां विवाह के लिए मुहूर्त भी नहीं देखा जाता। 40,000 की आबादी वाले कस्बे में 550 से अधिक मंगल कार्यालय और धर्मशालाएं हैं। यहां एक ही छत के नीचे पंडित से लेकर फोटोग्राफर-सजावट तक के सभी पैकेज उपलब्ध हैं। देश भर से जोड़े शादी के लिए यहां पहुंचते हैं। शादी के बाद विवाह प्रमाण पत्र, शादी की तस्वीरें-वीडियो जैसे सभी दस्तावेज दिए जाते हैं।


100 मेहमानों से 25 लोगों को मिलता है रोजगार

75% अर्थव्यवस्था शादियों की: जिन शादियों में 100 मेहमान होते हैं, उनसे पंडित, फूल वाले, रसोइए जैसे 25 लोगों को रोजगार मिलता है। शादियों पर नगर परिषद ने टैक्स दोगुना कर दिया है।

लड़की का शपथ पत्र लेते हैं: यहां दस्तावेजों से दूल्हा-दुल्हन के बालिग होने की पुष्टि करते हैं। अक्सर सहमति से घर छोड़कर आई लड़कियां भावुक हो जाती हैं और बाद में मन बदल लेती हैं। ऐसे में लड़कों पर अपहरण का मामला दर्ज हो जाता है। इससे बचने के लिए लड़की से शपथ पत्र लिया जाता है।

रील्स से करते हैं प्रचार: आलंदी को सोशल मीडिया से अर्जेंट मैरिज डेस्टिनेशन के तौर पर प्रचारित किया जा रहा है। शादी की शूटिंग की जाती है। फेरे, हार पहनाना और कपल्स की बाइट्स वायरल की जाती हैं।

वकील से लेकर पुलिस सुरक्षा

यहां शादी का पैकेज दिया जाता है, जिसमें वकील से लेकर पुलिस सुरक्षा तक होती है। प्रेम विवाह, अंतरजातीय विवाह, कोर्ट मैरिज, दस्तावेजों के साथ वैदिक रीति से कम लागत और कम समय में किया जा सकता है।

साधारण विवाह- 4,500 रुपए।

सुविधाएं: विवाह प्रमाण पत्र, पुलिस सुरक्षा आवेदन, विवाह समारोह व अनुष्ठान सामग्री।​

विशेष विवाह- 12,500 रुपए

सुविधाएं: शादी की 10 तस्वीरें, जोड़े का वीडियो स्टेटमेंट (पेन ड्राइव में), पुजारी का प्रमाण पत्र, संपूर्ण विवाह सामग्री और पंडित, हॉल और सजावट।


Created On :   5 Aug 2024 10:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story