जालसाजी: अमरावती में अधिक मुनाफे का लालच देकर 135 पूर्व सैनिकों को लगाई 5.40 करोड़ रुपए की चपत

अमरावती में अधिक मुनाफे का लालच देकर 135 पूर्व सैनिकों को लगाई 5.40 करोड़ रुपए की चपत
  • किसी से 13 लाख, किसी से 10 लाख वसूले
  • बड़े उद्योग में निवेश के नाम पर जालसाजी
  • रकम वापस दिलाकर न्याय की गुहार

डिजिटल डेस्क, अमरावती। बड़े उद्योग में निवेश के साथ पार्टनर बनने पर तीन प्रतिशत का मुनाफा दिये जाने का झांसा देकर एक पूर्व सैनिक ने दर्जनों पूर्व सैनिकों के साथ आर्थिक जालसाजी की। प्रहार के महानगर प्रमुख बंटी रामटेके ने दावा किया कि अमरावती शहर, अकोला , अहमदनगर समेत राज्य के अन्य शहरों के कुल 135 पूर्व सैनिकों को 5 करोड़ 40 लाख रुपए की आर्थिक चपत लगाई। इस बारे में पूर्व सैनिकों ने प्रहार के युवक आघाड़ी के जिला प्रमुख अभिजीत देशमुख व महानगर प्रमुख रामटेके के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस आयुक्त से लिखित शिकायत की। जिसमें आरोप लगाया कि पूर्व सैनिक सुधीर निरंजन चक्रे और उसके परिवार ने पूर्व सैनिकों के साथ यह आर्थिक जालसाजी की। आर्थिक अपराध शाखा से जांच कर इस आरोपी को दी रकम वापस दिलाकर न्याय की गुहार लगाई।

सीपी से लिखित शिकायत करने वाले पूर्व सैनिक दिलीप जगन्नाथ वडालकर समेत शहर व आसपास के 47 पूर्व सैनिकों ने अपने हस्ताक्षर के साथ दो पन्नों की शिकायत में कहा है कि व्यंकयापुरा निवासी सुधीर निरंजन चक्रे (48) उसकी पत्नी और बेटा यश ने बड़े उद्योग-व्यवसाय के लिए व्यक्तिगत रूप से फोन-पे, आरटीजीएस समेत ऑनलाइन पैसे लिए। 1 लाख रुपए पर प्रतिमाह 3 हजार रुपए देने का वादा किया। हालांकि चार-पांच माह तक नियमित रूप से एक लाख पर 3 हजार रुपए का भुगतान किया। जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा और उन्होंने अपनी जमा पूंजी चक्रे के हवाले कर दी, लेकिन चार महीने के बाद ऑडिट का कारण बताकर प्रति माह रकम देना बंद कर दिया। कई महीने बीत जाने के बाद सुधीर चक्रे ने हाथ खड़े करते हुए साफ कह दिया है कि व्यापार में नुकसान हो जाने के कारण वह पैसे नहीं दे सकता, कुछ और समय दो। उसके बाद से सुधीर चक्रे परिवार के साथ फरार है। उसने सिर्फ अमरावती शहर व जिले के ही नहीं बल्कि अहमदनगर व राज्य के अन्य शहर के पूर्व सैनिकों के साथ यह आर्थिक जालसाजी की।

जांच के बाद कार्रवाई-डीसीपी : शिकायत मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस को जांच के आदेश दिए है। दस्तावेजों के आधार पर उधार लेन-देन का मामला लग रहा है। निश्चित रूप से कितने पूर्व सैनिकों को कितने रुपए से ठगा है। यह जांच के बाद ही सामने आएंगा। -सागर पाटील, उपायुक्त

Created On :   14 Sept 2024 11:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story